'मेहंदी है रचने वाली'... लेकिन हाथों में गहरी लाली आएगी इन 5 जांचे-परखे उपायों से!

punjabkesari.in Wednesday, Feb 01, 2023 - 05:39 PM (IST)

'मेहंदी है रचने वाली', 'हाथों में गहरी लाली', 'मेहंदी लगा के रखना', 'डोली सजा के रखना' जैसे मेहंदी पर कई गाने हैं। मेहंदी लगाने से हाथों की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है। हालांकि, आज मेहंदी कई तरह के स्टाइल में आने लगी है। कोई इसे टैटू के रुप में लगाता है तो कोई पूरे हाथ में भर-भर के। इसके बावजूद मन में यही सवाल आता है कि आखिर मेहंदी का रंग गहरा कैसे करें?  मेहंदी का रंग जितना गहरा होता है, उसकी खूबसूरती उतनी ही ज्यादा बढ़ जाती है। अगर मेहंदी का रंग गहरा न हो, तो खूबसूरत से खूबसूरत डिजाइन भी उभरकर नहीं आता।अगर आपके मन में यही सवाल आता है कि मेहंदी को काला गाढ़ा कैसे करें, तो स्टोरी आपके लिए खास है। यहां पर हम आपको 5 तरीके बताएंगे विस्तार में, जिससे आप आसानी से मेहंदी का रंग गहरा कर पाएंगी...

मेहंदी को डार्क कैसे करें

1. मेहंदी को देर तक हाथों में रहने दें

मेहंदी लगाना जिताना मेहनत का काम होता है, उतना ही धैर्य का काम उसे देर तक लगाए रखना भी है। मेहंदी लगाने से पहले आप अपने हाथों को अच्छी तरह से धो लें। फिर जब आपके हाथों पर आपका पसंदीदा डिजाइन सज जाए तब आप इसे सात से आठ घंटे के लिए लगा रहने दें। आप इसे 12 घंटों तक भी लगा रहने दे सकते हैं। वहीं इसे निकालते समय पानी से धोने के बजाए हथेलियों को आपस में रगड़कर उतारें। ऐसा तब तक करें, जब तक कि मेंहदी पूरी तरह से न निकल जाए। ऐसा करने से आपको कुछ घंटों में असर दिखने लगेगा और आपको मेहंदी का रंग गहरा नजर आने लगेगा।

PunjabKesari

2. नींबू-चीनी का रस

नींबू-चीनी का रस मेहंदी का रंग गाढ़ा करने का एक आसान तरीका है। थोड़ी सी चीनी को पानी में डालकर उबाल लें और ठंडा होने के लिए छोड़ दें। अब इस मिश्रण को एक बाउल में निकाल लें और नींबू के रस की कुछ बूंदें इसमें मिलाएं। फिर इस मिश्रण को मेहंदी सूखने के बाद लगाएं। जहां, तीनी मेहंदी को त्वचा पर देर तक लगा रहने में मदद करती है, वहीं नींबू का रस मेहंदी के रंग को गहरा करने का काम करता है। जब मेहंदी सूखने लगे तो इसे देर तक लगा रहने के लिए भी हर कुछ देर में नींबू-चीनी का रस लगा सकते हैं, ताकि मेहंदी देर तक आपके हाथों में चिपकी रहे और उसका रंग गाढ़ा हो कर चढ़े।

PunjabKesari

3. डिजाइन कवर लें

यह आपको थोड़ा अटपटा लग सकता है, लेकिन मेहंदी का रंग गहरा करने के लिए आप उसे कवर भी कर सकते हैं। अगर आप खुद से डिजाइन को कवर करेंगे, तो डिजाइन खराब होने का खतरा रहेगा। ऐसे में बेहतर यह होगा कि जो आपको मेहंदी लगा रहा है उन्हें ही या उनके देख-रेख में ही आप अपने डिजाइन को कवर करवाएं। मेहंदी को धीरे से लपेटने के लिए आप मेडिकल पेपर टेप का उपयोग कर सकते हैं।

4. अपने हाथों पर लौंग के धुएं की भाप लें

मेहंदी का रंग गहरा करने के लिए पहले आप मेहंदी पर नींबू-चीनी का रस लगाएं। फिर इसके बाद तवे पर कुछ लौंग गर्म करें और लौंग से निकलने वाले धुएं से हाथों को भाप लें, लेकिन ध्यान रहे कि आपका हाथ न जले। हाथ को तब तक भाप के ऊपर चलाए जब तक कि नींबू-चीनी का रस सूख ना जाए। आप इसके बाद मेहंदी को निकाल सकती हैं या थोड़ी देर और रख सकती हैं।

PunjabKesari

5. बाम लगाएं

हड्डियों के दर्द को खत्म करने के साथ-साथ बाम आपके हाथों की मेहंदी का रंग भी गहरा कर सकता है। दुल्हनें अपनी मेहंदी के रंग को गहरा करने के लिए मेहंदी पर विक्स या टाइगर बाम लगाती है। लोगों का मानना है कि बाम लगाने से मेहंदी का रंग गहरा हो सकता है और रंग त्वचा की गहराई तक जाता है।

PunjabKesari

क्या न करें

ऊपर दिए गए मेहंदी का रंग गहरा करने के उपायों के अलावा कुछ और जरुरी बातें हैं जिनका मेहंदी लगाते समय या लगाने के बाद ध्यान रखना बहुत जरुरी है। आइए आपको बताते हैं इसके बारे में...

1. मेहंदी हटाने के बाद अपने हाथ को साबुन या साबुन के पानी से न धोएं। ऐसा करने से आपकी मेहंदी का रंग फीका पड़ सकता है। इससे आपकी मेहंदी कहीं-कहीं से निकलने भी लग सकती है और आपका डिजाइन बिगड़ सकता है।
2. मेंहदी लगाने के बाद अपने हाथों को शेव न करें, क्योंकि इससे आपकी त्वचा की ऊपरी परत छिल सकती है और मेहंदी भी खराब हो सकती है।
3. मेहंदी निकलने के तुरंत बाद अपने हाथों को न धोएं, कम से कम छह घंटे तक हाथों में पानी न लगाएं। अगर संभव हो तो मेहंदी लगाने के 12 घंटे के बाद ही नहाएं।
4. चीनी और नींबू के मिश्रण का उपयोग जरूरत से ज्यादा न करें, वरना मेहंदी गहरे भूरे रंग में बदल जाएगी।
5. कुछ भी हो जाए आप अपने हाथों और पैरों की मेहंदी को जल्दी सूखाने के लिए ब्लो ड्रायर का उपयोग न करें। इससे आपकी मेहंदी पिघल सकती है और मेहंदी का डिजाइन खराब हो सकता है।
6.मेहंदी लगाने से पहले ठीक ज्यादा पानी या कोई भी जूस पीने से बचें। खासकर के ठंड के मौसम में और ज्यादा ठंड लगेगी क्योंकि मेहंदी का असर भी ठंडा होता है।
7. मेहंदी लगाते वक्त मेहंदी लगाने वाले कलाकार को अच्छी रोशनी की जरूरत होती है। रोशनी न तो ज्यादा तेज होनी चाहिए और न ही कम।

PunjabKesari

अब जब भी आप मेहंदी लगाएं और आपको मेहंदी का रंग गहरा करना हो, तो ऊपर दिए गए टिप्स को आजमाएं। हालांकि, एक और बात ध्यान में रखें कि आप मेहंदी लगाने के कुछ दिन पहले ही मैनीक्योर और पेडीक्योर कराने के साथ-साथ अगर वैक्सिंग की जरूरत है, तो करवा लें। साथ ही मेहंदी लगवाने के पहले अच्छी तरह सो जाएं, ताकि आपको मेहंदी लगवाते वक्त नींद न आए और डिजाइन खराब न हो। इसके अलावा, डिजाइन को पहले ही चुन लें, ताकि आपका वक्त न बर्बाद हो। अगर आप ऊपर दिए गए तरीकों और बातों को ध्यान में रखेंगे, तो इसमें कोई शक नहीं कि मेहंदी का रंग और डिजाइन सबसे गहरा, खूबसूरत और अलग नजर आएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Charanjeet Kaur

Recommended News

Related News

static