पेट में अल्सर के ये 5 संकेत, समय रहते पहचानना है बेहद जरूरी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 11:48 AM (IST)
नारी डेस्क : पेट में अल्सर एक गंभीर समस्या है, जिसे गैस्ट्रिक अल्सर भी कहा जाता है। यह पेट की अंदरूनी परत पर बनने वाले घाव होते हैं, जो समय पर इलाज न मिलने पर परेशानी बढ़ा सकते हैं। अक्सर लोग इसके शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है। ऐसे में जरूरी है कि आप इसके संकेतों को समय रहते पहचानें। पेट में अल्सर होने पर दिखते हैं ये 5 मुख्य लक्षण।
पेट में जलन
पेट में तेज जलन अल्सर का सबसे सामान्य लक्षण माना जाता है। यह जलन खासकर खाली पेट या भोजन के बीच-बीच में ज्यादा महसूस होती है और कई बार खाना खाने के बाद थोड़ी देर के लिए राहत मिल जाती है, लेकिन समस्या बार-बार बनी रहती है।

पेट फूलना और भारीपन
कम मात्रा में भोजन करने के बाद भी अगर पेट भरा-भरा या फूला हुआ महसूस होता है, तो यह पेट में अल्सर का संकेत हो सकता है। इस स्थिति में व्यक्ति को पेट में मरोड़, गैस या लगातार असहजता भी महसूस हो सकती है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
यें भी पढ़ें : हेल्दी समझकर खा रहे हैं बासी चावल तो जानें पूरी सच्चाई
बार-बार उल्टी आना
अगर आपको बार-बार उल्टी आती है, खासकर सुबह के समय, तो यह पेट में किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। पेट के अल्सर में भी यह लक्षण आम तौर पर देखने को मिलता है, इसलिए इसे नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
भूख कम लगना
अल्सर होने पर व्यक्ति की भूख धीरे-धीरे कम होने लगती है और कुछ भी खाने का मन नहीं करता। लगातार ऐसा रहने पर शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता, जिससे वजन कम होने लगता है और कमजोरी भी महसूस हो सकती है।

अपच और सीने में जलन
खाना खाने के बाद भी अगर भोजन ठीक से पच नहीं रहा और सीने में बार-बार जलन महसूस होती है, तो यह पेट में अल्सर का संकेत हो सकता है। इस स्थिति में व्यक्ति को भारीपन, खट्टी डकार और असहजता भी महसूस हो सकती है, इसलिए इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
यें भी पढ़े : ब्रेस्ट कैंसर के छिपे संकेत: सिर्फ गांठ नहीं, इन शुरुआती लक्षणों को भी न करें नजरअंदाज
ये अन्य लक्षण भी हो सकते हैं
कमजोरी और थकान
पीठ में दर्द
पेट में अकड़न या क्रैंप्स
मूड स्विंग और चिड़चिड़ापन
त्वचा, बाल और नाखूनों में बदलाव (पोषक तत्वों की कमी के कारण)

कब तुरंत डॉक्टर के पास जाएं?
अगर आपको ये गंभीर लक्षण दिखें तो देरी न करें।
उल्टी में खून आना
काला या गहरा मल आना
लंबे समय तक रहने वाला पेट दर्द
सांस लेने में तकलीफ।
पेट का अल्सर एक ऐसी समस्या है जिसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। अगर ऊपर बताए गए लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें और समय रहते इलाज शुरू करें।

