गर्मी में पेट की समस्याओं से परेशान? जानिए कैसे करें बचाव
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 04:34 PM (IST)
नारी डेस्क: गर्मी का मौसम अपने साथ कई बीमारियों को भी लेकर आता है। तेज धूप और भीषण गर्मी की वजह से लोगों को स्किन से जुड़ी कई समस्याएं तो होती ही है, लेकिन पेट से जुड़ी भी कई समस्याएं हो जाती है। इनमें पेट दर्द, गैस, पेट फूलना, दस्त, मतली और भूख कम लगना जैसे लक्षण देखने को मिलते हैं। कई लोगों को खाना खाने के बाद भारीपन भी महसूस होता है और कई लोगों का खाना खाने को भी मन नहीं करता। इससे मन भी बेचैन हो जाता है और शरीर में कमजोरी आ जाती है और थकान भी महसूस होती है। सबसे ज्यादा ऑफिस जाने वाले, बाहर का खाना खाने वाले और कम पानी पीने वाले लोग परेशान रहते हैं।ऐसे में इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए कई तरीके अपनाएं जा सकते है। जिसमें से कई तरीकों के बारे में हम आपको बताएंगे।
गर्मियों में पेट की समस्याओं से बचने के तरीके
गर्मियों में तापमान अधिक होने के कारण शरीर जल्दी पानी खो देता है, जिससे पाचन प्रक्रिया प्रभावित होती है। खाने पीने की चीजों में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं जिससे फूड पॉइजनिंग और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। बहुत लोग बाहर का या बासी खाना खा लेते हैं जो पेट को नुकसान पहुंचाता है। इसलिए इन समस्याओं से बचने के लिए कई सावधानियां बरतनी चाहिए...
1. पेट की बीमारी से बचने के लिए सबसे पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे।
2. गर्मियों में लोगों को बाहर का खाना और बासी भोजन खाने से बचना चाहिए। लोगों को घर का खाना ही खाना चाहिए। हल्का और संतुलित भोजन लेना चाहिए जिसमें फल और सब्जियां शामिल हों। साफ-सफाई का भी खास ध्यान रखना चाहिए।
3. गर्मियों में तला हुआ और तेज मसालों वाला भोजन नहीं करना चाहिए। पैकेज्ड ड्रिंक्स और दूषित पानी से दूरी बनाना चाहिए। इन उपायों को अपनाकर पेट को स्वस्थ रखा जा सकता है और गर्मियों में होने वाली असुविधाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
4. अगर पेट की कोई भी समस्या होती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। इससे आपकी बीमारी का सही इलाज होगा और परेशानियां नहीं बढ़ेगी।

