दुनिया की वो 5 समाज जहां महिलाओं की होती है हुकूमत, फैसलों में मर्द नहीं दे सकते दखल
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 05:45 PM (IST)
नारी डेस्क: क्या आपने कभी ऐसी सोसायटी के बारे में सुना है, जहां पुरुष नहीं बल्कि महिलाएं परिवार और समाज के सभी फैसले लेती हों? यहां जमीन-जायदाद से लेकर शादी और परिवार के मामलों तक महिलाएं ही अधिकार रखती हैं। आज हम आपको दुनिया की ऐसी 5 जगहों के बारे में बताएंगे, जहां महिलाओं का समाज पर पूरा दबदबा है।
चीन का मोसो समुदाय
चीन के युन्नान प्रांत में रहने वाला मोसो समुदाय दुनिया के सबसे अनोखे समुदायों में से एक है। यहां पारंपरिक विवाह प्रथा नहीं होती। परिवार की मुखिया दादी या नानी होती हैं और बच्चों का संबंध केवल मां के परिवार से माना जाता है। मोसो समुदाय में संपत्ति का अधिकार महिलाओं के पास होता है। यहां एक खास तरह का रिश्ता चलता है जिसे “वॉकिंग मैरिज” कहा जाता है। इसमें पुरुष अपनी प्रेमिका के घर रात को आते हैं और सुबह लौट जाते हैं। महिलाओं के कमरे पर पुरुष की टोपी लगी होने से यह पता चलता है कि वह अंदर मौजूद है। यह रिश्ता कभी एक रात का होता है, कभी जीवनभर, लेकिन पति-पत्नी की तरह रहने की जरूरत नहीं होती।

भारत का खासी समुदाय (मेघालय)
मेघालय के खासी समुदाय में वंश, विरासत और गोत्र का नाम मां के नाम से चलता है। यहां अपने ही गोत्र में शादी करना वर्जित है। इस समाज की सबसे अनोखी बात यह है कि लड़कियां शादी के बाद अपने माता-पिता के घर में रहती हैं, जबकि लड़के अपने ससुराल में जाते हैं। यहां लड़कियों को अपने पसंद के व्यक्ति से शादी करने और तलाक लेने का पूरा अधिकार है। परिवार और संपत्ति के मामलों में भी महिलाएं पूरी तरह अधिकार रखती हैं।
इंडोनेशिया का मिनांगकाबाऊ समुदाय
इंडोनेशिया के पश्चिमी सुमात्रा में रहने वाले मिनांगकाबाऊ समुदाय में भी महिलाएं परिवार में सबसे ऊंचा दर्जा रखती हैं। यह समुदाय मुस्लिम धर्म को मानता है। शादी के बाद लड़का अपनी पत्नी के घर में गेस्ट की तरह रहता है। परिवार और संपत्ति की जिम्मेदारी महिलाओं के पास होती है और माता का योगदान पिता से भी ज्यादा माना जाता है।
ये भी पढ़ें: ईरान-इजरायल जंग ने छीन ली यूपी के बेटे की जिंदगी, 7 दिन बाद घर पहुंचा शव
घाना का अकान समुदाय
घाना के अकान समुदाय में भी महिलाओं को परिवार और समुदाय के मामलों में सर्वोच्च दर्जा प्राप्त है। परिवार की महत्वपूर्ण निर्णय प्रक्रिया महिलाओं के हाथ में होती है। इस समाज में शादी के समय लड़का लड़की के परिवार को गिफ्ट और पैसे देता है, जिसे “नॉकिंग सेरेमनी” कहा जाता है।

कोस्टा रिका का ब्रिबरी समुदाय
कोस्टा रिका के ब्रिबरी समुदाय में महिलाएं परिवार की मुखिया होती हैं। यहां महिलाएं अपनी जमीन, संस्कृति और परंपराओं को अपनी बेटियों को सौंपती हैं। पुरुषों को महिलाओं के बराबर अधिकार नहीं मिलते। शादी के बाद लड़का अपने ससुराल में रहता है। ब्रिबरी समाज में क्रॉस-कज़िन मैरिज को भी प्राथमिकता दी जाती है।
इन समाजों से यह साबित होता है कि दुनिया में महिलाओं की शक्ति सिर्फ अधिकार और सम्मान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि कई जगह परिवार और समाज में उनका निर्णय ही अंतिम होता है। ऐसे समाज पुरुष प्रधान संस्कृति की परंपराओं से बिल्कुल अलग हैं और महिलाओं की हिम्मत और नेतृत्व का उदाहरण पेश करते हैं।

