इस विटामिन की कमी से हाथ-पैर में रहती झुनझुनाहट! समय रहते हो जाएं सतर्क
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 03:44 PM (IST)
नारी डेस्क: हमारा शरीर छोटी-छोटी परेशानियों के जरिए हमें अंदर की कमी या गड़बड़ी के संकेत देता है। हाथ-पैर में झुनझुनाहट, सुन्नपन या हल्की जलन भी ऐसा ही एक संकेत है, जिसे अक्सर लोग थकान या गलत तरीके से बैठने का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर यह समस्या बार-बार होने लगे, तो यह किसी विटामिन की कमी का इशारा हो सकता है। ऐसे में चलिए आपको आज बताते हैं इस आर्टिकल में की आखिर किस विटामिन की कमी से हमारे हाथों पैरों में झुनझुनाहट होती है।
विटामिन B12 की कमी बन सकती है वजह
डॉक्टरों के मुताबिक, हाथ-पैर में लगातार झुनझुनाहट का सबसे आम कारण विटामिन B12 की कमी होती है। यह विटामिन हमारे नर्वस सिस्टम के सही कामकाज के लिए बेहद जरूरी होता है। इसकी कमी होने पर नसें कमजोर होने लगती हैं, जिससे सुन्नपन, झनझनाहट और कमजोरी जैसी समस्याएं सामने आती हैं। लंबे समय तक इसे नजरअंदाज करने पर नर्व डैमेज का खतरा भी बढ़ सकता है।

सिर्फ गलत बैठने की आदत नहीं, हो सकती है बड़ी समस्या
कई बार लोग लंबे समय तक एक ही पोजीशन में बैठने से होने वाली झुनझुनाहट को सामान्य मान लेते हैं। लेकिन अगर यह समस्या बिना किसी वजह के बार-बार हो रही है, तो यह शरीर का चेतावनी संकेत है। ऐसे में इसे हल्के में लेना सही नहीं है।नर्व्स को स्वस्थ रखने के लिए सही पोषण बहुत जरूरी होता है। विटामिन B12 का सक्रिय रूप मेथाइलकोबालामिन नसों की सुरक्षा करने वाली परत (मायेलिन शीथ) को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। यही परत नसों के सिग्नल को सही तरीके से आगे बढ़ाने का काम करती है। इसकी कमी होने पर नसों का काम प्रभावित हो सकता है।
B-कॉम्प्लेक्स विटामिन्स का अहम रोल
विटामिन B12 के साथ-साथ B6, B1, B2, B3 और B5 भी नर्व हेल्थ के लिए जरूरी होते हैं। ये सभी मिलकर नसों को मजबूत बनाने और झुनझुनाहट व कमजोरी जैसी समस्याओं को कम करने में मदद करते हैं। कई बार डॉक्टर जरूरत के अनुसार B-कॉम्प्लेक्स सप्लीमेंट लेने की सलाह देते हैं।
ये भी पढ़ें: Shweta Tiwari ने बताया फिट रहने का सीक्रेट, 45 की उम्र में ऐसे बना है 25 वाला फिगर
लक्षणों से राहत के लिए क्या करें
जिन लोगों को यह समस्या ज्यादा रहती है, उन्हें सही इलाज की जरूरत होती है। इसके अलावा, हाथ-पैर में दर्द या जलन से राहत के लिए कैप्साइसिन, मेंथॉल, यूकेलिप्टस और कपूर वाली क्रीम का इस्तेमाल भी फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, किसी भी दवा या सप्लीमेंट को लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

किन लोगों को ज्यादा खतरा होता है
जो लोग लंबे समय तक यात्रा करते हैं, ज्यादा शारीरिक मेहनत करते हैं या जिनका खानपान संतुलित नहीं होता, उनमें यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। इसके अलावा, उम्र बढ़ने के साथ भी विटामिन B12 की कमी का खतरा बढ़ जाता है शरीर के संकेतों को समझना बेहद जरूरी है। अगर झुनझुनाहट या सुन्नपन लंबे समय तक बना रहता है, तो इसे नजरअंदाज न करें। सही समय पर जांच और इलाज करवाकर आप बड़ी समस्या से बच सकते हैं।

