माता के इस मंदिर में देर रात आती है घंटी की आवाजें, सुबह दरवाजे खुलते ही होता है चमत्कार
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 05:58 PM (IST)
नारी डेस्क: जब आप किसी हिंदू मंदिर में प्रवेश करते हैं, तो आमतौर पर सबसे पहली आवाज जो आपको सुनाई देती है, वह है घंटी या 'घंटा' की गूंज। यह आवाज़ केवल वातावरण को भरने का ही काम नहीं करती, बल्कि इसका आध्यात्मिक, प्रतीकात्मक और यहां तक कि वैज्ञानिक महत्व भी है। आज हम ऐसे मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं जहां रात को दरवाजे बंद होने के बाद भी घंटियों की आवाज सुनाई देती है।

मंदिर का रहस्य
मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित मैहर माता मंदिर (मां शारदा धाम) आस्था, चमत्कार और रहस्यों का अनोखा संगम माना जाता है। यहां से जुड़ी एक रहस्यमयी मान्यता लोगों को आज भी हैरान कर देती है, कहा जाता है कि मंदिर के दरवाजे बंद होने के बाद भी रात में घंटियों की आवाज सुनाई देती है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के अनुसार, जब रात में मंदिर के पट बंद हो जाते हैं और कोई भी अंदर नहीं होता, तब भी घंटियों के बजने की आवाज सुनाई देती है। मान्यता है कि इस समय देवता और अदृश्य शक्तियां माता की पूजा करने आती हैं, इसलिए ये ध्वनि सुनाई देती है।
मंदिर से जुड़ी कथा
इस मंदिर से एक प्रसिद्ध कथा जुड़ी है, जिसमें कहा जाता है कि वीर योद्धा आल्हा और उदल आज भी यहां आकर माता की पूजा करते हैं। कई लोग मानते हैं कि रात में जो घंटियों की आवाज आती है, वह इसी अदृश्य पूजा का संकेत है। जब पुजारी तय समय पर मंदिर का दरवाजा खोलते हैं तो यहां देवी प्रतिमा के आगे फूल चढ़े होते हैं। ऐसा लगता है कि किसी न सुबह आकर यहां पूजा की हो। यह मंदिर त्रिकूट पर्वत पर स्थित है, यहां पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को करीब 1063 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। मां शारदा (सरस्वती स्वरूप) की पूजा यहां विशेष रूप से की जाती है

आस्था और विज्ञान
हालांकि इन घटनाओं के पीछे वैज्ञानिक कारण भी हो सकते हैं, जैसे हवा का दबाव, धातु की कंपन या अन्य प्राकृतिक वजहें। लेकिन भक्तों के लिए यह मां की दिव्य शक्ति और चमत्कार का अनुभव है। मैहर का शारदा माता मंदिर सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि रहस्यों और मान्यताओं का भी अद्भुत संगम है। यहां की ये अनोखी घटना लोगों की श्रद्धा को और भी मजबूत करती है।

