टी20 स्टार अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती, डॉक्टर से समझें असली कारण और ट्रीटमेंट

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 12:07 PM (IST)

 नारी डेस्क:  टी20 विश्व कप के बीच टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को अचानक बुखार और पेट में इंफेक्शन की शिकायत होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल डॉक्टर उनकी देखरेख कर रहे हैं। 12 मार्च को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच में उनके खेलने पर अभी संशय बना हुआ है। जैसे ही उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई, फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करने लगे। अब सवाल यह है कि पेट में अचानक इंफेक्शन क्यों हो जाता है? इसके लक्षण क्या हैं और इसका इलाज कैसे किया जाता है? आइए डॉक्टर की राय से समझते हैं।

पेट में इंफेक्शन क्यों होता है?

नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. अनिल अरोड़ा के अनुसार, पेट का इंफेक्शन आमतौर पर इन कारणों से होता है

दूषित (कंटामिनेटेड) खाना या पानी

बैक्टीरिया या वायरस का संक्रमण

फूड पॉइजनिंग

ई-कोलाई, रोटावायरस या नोरोवायरस जैसे कीटाणु

बाहर का अस्वच्छ (अनहाइजेनिक) खाना

कटे या खुले में रखे फल-सब्जियां

मौसम में बदलाव

यात्रा के दौरान खानपान में लापरवाही

ये भी पढ़ें:  12 साल की बच्ची की जूं ने ले ली जान! बेटी ने इतना दर्द सहा की कोई नहीं कर पा रहा यकीन

कमजोर इम्यूनिटी

दूषित भोजन या पानी के जरिए बैक्टीरिया और वायरस शरीर में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे पेट का संक्रमण हो सकता है।

पेट के इंफेक्शन के लक्षण क्या हैं?

डॉक्टर के मुताबिक, पेट का इंफेक्शन अचानक शुरू हो सकता है। इसके मुख्य लक्षण हैं:

तेज बुखार

पेट दर्द या मरोड़

उल्टी

दस्त

कमजोरी

डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी)

कुछ मामलों में शरीर से ज्यादा पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स निकल जाते हैं, जिससे हालत गंभीर हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और खिलाड़ियों में डिहाइड्रेशन का खतरा ज्यादा रहता है, क्योंकि वे ज्यादा शारीरिक मेहनत करते हैं।

इलाज कैसे किया जाता है?

हल्के मामलों में मरीज को आराम, ज्यादा तरल पदार्थ और ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) देने से सुधार हो सकता है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर एंटीबायोटिक या एंटीवायरल दवाएं भी दे सकते हैं। लेकिन हर पेट दर्द में एंटीबायोटिक जरूरी नहीं होती। सही जांच के बाद ही दवा दी जाती है।

कब तुरंत अस्पताल जाना चाहिए?

अगर ये लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए बहुत तेज बुखार,लगातार उल्टी या दस्त, मल में खून आना ज्यादा कमजोरी या बेहोशी जैसा महसूस होना ऐसी स्थिति में देरी करना खतरनाक हो सकता है।

पेट के इंफेक्शन से बचाव कैसे करें?

हमेशा उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पिएं। बाहर का कच्चा या अधपका खाना खाने से बचें। खाने से पहले और बाद में हाथ साबुन से धोएं। यात्रा के दौरान साफ और पैक्ड भोजन ही लें। संतुलित आहार लें और पर्याप्त नींद लें इम्यूनिटी मजबूत रखें।

पेट का संक्रमण एक आम समस्या है, लेकिन इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। समय पर पहचान और सही इलाज से यह जल्दी ठीक हो सकता है। फिलहाल अभिषेक शर्मा का इलाज जारी है और उम्मीद है कि वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर मैदान पर वापसी करेंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static