"एक के बाद एक मुश्किलें क्यों आ रही हैं..." सुपरस्टार राम चरण की बहन ने की अपने मेंटल हेल्थ पर बात
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 10:40 AM (IST)
नारी डेस्क: टॉलीवुड स्टार राम चरण की छोटी बहन और मेगास्टार चिरंजीवी की बेटी, श्रीजा कोनिडेला ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी मेंटल हेल्थ से जुड़ी मुश्किलों के बारे में खुलकर बात की। अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किए गए एक वीडियो में श्रीजा ने बताया कि लंबे समय तक उन्होंने अपनी पहचान को अतीत के अनुभवों से ही तय होने दिया। हालांकि हाल ही में उन्होंने खुद को ठीक करने और 'विक्टिम' (पीड़ित) वाली सोच से बाहर निकलने का फैसला किया।
श्रीजा ने आगे बताया कि वह अक्सर सोचती थीं कि उनके साथ ऐसा क्यों हो रहा है। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक क्लिप में उन्हें यह कहते हुए सुना गया- "मैं एक ऐसी स्थिति में फंसी हुई थी जहां मैं सोचती थी कि मेरे साथ ऐसा क्यों हो रहा है और मुझे इतना दर्द क्यों सहना पड़ रहा है? एक के बाद एक मुश्किलें क्यों आ रही हैं और मैंने ऐसा क्या किया है कि मुझे यह सब झेलना पड़ रहा है? और इस सफ़र में मैं खुद को 'पीड़ित' मानने की सोच से आगे बढ़ी और यह समझने लगी कि जिंदगी बस मेरे साथ घटित नहीं होती, बल्कि उसे बनाने की ताकत मुझमें है।"
श्रीजा ने आगे कहा कि उनकी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा उनके दर्द भरे अतीत से तय हुआ था। वह कहती हैं- "ज़्यादातर समय मैंने खुद को अपने दर्द, अपने अतीत और अपनी मुश्किलों से ही पहचाना। मेरे लिए मेरी पहचान उन सभी चीजों से बनी थी जो मेरी जिंदगी में गलत हुई थीं। लेकिन इस प्रोग्राम के जरिए मैंने उससे आगे देखना शुरू किया। हां मेरा दर्द अब भी मेरा एक हिस्सा है, लेकिन मैं सिर्फ वही नहीं हूं एक इंसान में और भी बहुत कुछ होता है, और उन पहलुओं को जानना मेरे लिए इस सफ़र का सबसे खूबसूरत हिस्सा रहा है।"
जानकारी के लिए बता दें कि 19 साल की उम्र में श्रीजा 2007 में अपने 22 साल के बॉयफ्रेंड शिरीष भारद्वाज के साथ घर से भाग गई थीं। हैदराबाद में आर्य समाज रीति-रिवाज़ से शादी करने के बाद उन्होंने परिवार के विरोध का हवाला देते हुए मीडिया और पुलिस से सुरक्षा भी मांगी थी। इस जोड़े के घर 2008 में बेटी निवृत्ति भारद्वाज का जन्म हुआ। हालांकि, 2011 में श्रीजा ने शिरीष और उनके परिवार के खिलाफ़ दहेज और उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया और 2014 में उनका तलाक हो गया। 2016 में, श्रीजा ने अपने बचपन के दोस्त और बिजनेसमैन कल्याण देव से शादी की, कुछ देर बाद ये रिश्ता भी टूट गया। इसके बाद शिरीष स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण निधन हो गया।

