सुनीता विलियम्स 19 मार्च को धरती पर लौटेंगी, 9 महीने बाद ISS से वापसी
punjabkesari.in Saturday, Mar 15, 2025 - 09:43 AM (IST)

नारी डेस्क: भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विलमोर, जो पिछले 9 महीनों से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर फंसे हुए थे, अब 19 मार्च को धरती पर वापस लौटने वाले हैं। दरअसल, उनका मिशन सिर्फ 8 दिन का था, लेकिन तकनीकी खराबियों के कारण वे लगभग 9 महीने तक अंतरिक्ष में रह गए।
इलॉन मस्क के रॉकेट से वापसी
सुनीता और बुच को वापस लाने के लिए स्पेसX के फॉल्कन 9 रॉकेट का इस्तेमाल किया गया, जो 15 मार्च को भारतीय समयानुसार 4:30 बजे लॉन्च हुआ। यह रॉकेट फ्लोरिडा के केनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया था और इसके साथ क्रू ड्रैगन कैप्सूल में चार सदस्यीय टीम को अंतरिक्ष स्टेशन के लिए भेजा गया। इस मिशन को क्रू-10 नाम दिया गया है, और इसमें NASA के ऐनी मैकक्लेन, निकोल अयर्स, जापानी अंतरिक्ष एजेंसी JAXA के टकुया ओनिशी और रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के कोस्मोनॉट किरिल पेस्कोव शामिल हैं।
स्पेसक्राफ्ट में आई तकनीकी खराबी
सुनीता और बुच विलमोर बोइंग के स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट के जरिए अंतरिक्ष गए थे। यह मिशन सिर्फ 8 दिन का था, लेकिन तकनीकी खराबियों के कारण वे 9 महीने तक अंतरिक्ष में रह गए। स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट में कई समस्याएं आईं, जिसमें हीलियम गैस लीक होने जैसी दिक्कतें शामिल थीं। इन समस्याओं के कारण स्पेसक्राफ्ट की वापसी में देरी हुई।
ये भी पढ़ें: होली के दिन शोक की लहर: काजोल की आंखों से छलके आंसू,चाचा देब मुखर्जी को दी भावुक विदाई
मस्क की स्पेसएक्स ने लिया जिम्मा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने जनवरी में इलॉन मस्क से सुनीता और बुच को अंतरिक्ष से वापस लाने की अपील की थी। मस्क ने इस जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए कहा था कि वे इन बहादुर अंतरिक्ष यात्रियों को जल्द ही धरती पर वापस लाएंगे। NASA ने स्पेसएक्स को पहले ही इस मिशन में शामिल कर लिया था।
क्यों गए थे सुनीता और विलमोर ISS?
सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर बोइंग और NASA के जॉइंट 'क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन' पर गए थे। उनका मुख्य उद्देश्य अंतरिक्ष स्टेशन तक स्पेसक्राफ्ट को ले जाने और वापस लाने की क्षमता को साबित करना था। इस मिशन के दौरान उन्होंने अंतरिक्ष स्टेशन पर रिसर्च और एक्सपेरिमेंट किए थे। सुनीता, मिशन की पायलट थीं, और बुच विलमोर इसके कमांडर थे।
क्यों फंसे थे अंतरिक्ष में इतने लंबे समय तक?
स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट में कई तकनीकी दिक्कतें आईं, जिसके कारण सुनीता और बुच की वापसी में देरी हुई। स्पेसक्राफ्ट के थ्रस्टर में हीलियम लीक होने के कारण इसे सही से काम करने में परेशानी आई। हालांकि, अब स्पेसX के फॉल्कन 9 रॉकेट से उनकी वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, और वे 19 मार्च को धरती पर लौटेंगे।
नए दल का स्वागत
19 मार्च के बाद, क्रू-10 मिशन के नए दल के सदस्य ISS पर सुनीता और बुच की जगह लेंगे। क्रू-10 के सदस्य कुछ दिनों तक स्टेशन पर एडजस्टमेंट के बाद काम संभालेंगे। इस तरह, सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विलमोर की लंबी अंतरिक्ष यात्रा का अंत होगा, और वे अपने घर लौट आएंगे।