वृंदावन के बाद एक और दुखद घटना, आनंदपुर साहिब से लौट रहे 8 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 03:56 PM (IST)
नारी डेस्क: वृंदावन नाव हादसे के बाद एक अब आनंदपुर साहिब से बेहद दुख भरी खबर सामने आई है। आनंदपुर साहिब से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही एक बस पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में पलट गई, जिससे उसमें सवार आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। यह घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे बस्सी पठाना के मोरिंडा-चुन्नी रोड क्षेत्र में हिम्मतपुरा के पास हुई।
यह भी पढ़ें: सिर्फ हरा धनिया ही नहीं इसके बीज के भी हैं कई फायदे
बस में सवार सभी श्रद्धालु फतेहगढ़ साहिब के मेन माजरी के निवासी थे और बैसाखी के अवसर पर रूपनगर जिले के आनंदपुर साहिब से मत्था टेकने के बाद लौट रहे थे। फतेहगढ़ साहिब के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शुभम अग्रवाल ने कहा- प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि वाहन में कुछ खराबी आ गई होगी। बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। पहले इस घटना में एक महिला सहित छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 21 लोग घायल हो गए थे, लेकिन बाद में दो अन्य घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: अक्षय तृतीया से पहले सोने-चांदी के दामों में हुआ बड़ा बदलाव
घायलों को फतेहगढ़ साहिब, बस्सी पठाना और रूपनगर जिला स्थित मोरिंडा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद कई स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों में मदद की। घायलों में से एक महिला ने बताया कि बस मेन माजरी गांव पहुंचने ही वाली थी कि अचानक पलट गई। इससे पहले 10 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में नाव पलटने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।

