ICU में भर्ती सलीम खान के जल्द स्वस्थ होने की दुआ, सुभाष घई बोले- ‘30-40 साल से वो मेरे भाई हैं’
punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 11:03 AM (IST)
नारी डेस्क: दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 90 वर्षीय सलीम खान पिछले दो दिनों से अस्पताल में हैं और फिलहाल आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सांस लेने में दिक्कत के बाद कराया गया भर्ती
जानकारी के मुताबिक, सलीम खान को सांस लेने में तकलीफ होने के बाद अस्पताल लाया गया था। उनका एक जरूरी मेडिकल प्रोसीजर भी किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। स्थिति में सुधार होते ही उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट से हटाया जाएगा। उनके इलाज के लिए न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम तैनात है। अस्पताल प्रशासन हर पल उनकी सेहत की निगरानी कर रहा है।

सुभाष घई ने जताई चिंता
फिल्ममेकर सुभाष घई ने सलीम खान की सेहत को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा, “सलीम साहब मेरे भाई जैसे हैं। 30-40 साल से हमारा रिश्ता है। पूरी इंडस्ट्री उनका सम्मान करती है। हम सब उनकी लंबी उम्र और जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। वे बहुत नेक इंसान हैं।”
ये भी पढ़ें: स्टारडम मिला, मगर सुकून नहीं… जानिए हेलेन की अनकही दास्तां
अस्पताल पहुंचा पूरा खान परिवार
जैसे ही सलीम खान की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई, उनके बेटे और अभिनेता सलमान खान तुरंत अस्पताल पहुंचे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। अस्पताल पहुंचने वालों में उनकी पत्नी सलमा खान, बेटे अरबाज खान, बेटियां अलवीरा और अर्पिता, तथा हेलेन शामिल हैं। परिवार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ा है।
फैंस और इंडस्ट्री कर रहे दुआ
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सम्मानित पटकथा लेखक सलीम खान के लिए फैंस और फिल्मी हस्तियां लगातार दुआ कर रही हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामनाएं की जा रही हैं। फिलहाल डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है और धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद है। पूरा देश उनके स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना कर रहा है।

