सलमान खान पिता Salim Khan की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुए भर्ती
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 01:38 PM (IST)
नारी डेस्क : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के परिवार से जुड़ी एक चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। हिंदी सिनेमा के दिग्गज लेखक और सलमान के पिता सलीम खान की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता की हालत की सूचना मिलते ही सलमान आनन-फानन अस्पताल पहुंचे।
फैंस कर रहे हैं दुआ
सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही फैंस सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं और जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। फिलहाल परिवार की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उन्हें किस वजह से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
सलमान खान का वीडियो आया सामने
पिता की तबीयत बिगड़ने के बीच सलमान खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे कार से उतरकर तेजी से अस्पताल के भीतर जाते दिख रहे हैं। वीडियो में उनके चेहरे पर चिंता और मायूसी साफ नजर आती है।
90 साल की उम्र में भी सिनेमा का बड़ा नाम
90 वर्षीय सलीम खान को हिंदी सिनेमा के इतिहास के सबसे प्रभावशाली लेखकों में गिना जाता है। 1970 के दशक में जावेद अख्तर के साथ उनकी जोड़ी सलीम-जावेद ने इंडस्ट्री को कई यादगार और ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं। इस जोड़ी ने दीवार, जंजीर और डॉन जैसी फिल्मों के जरिए बॉलीवुड के ‘एंग्री यंग मैन’ दौर को नई पहचान दी और अमिताभ बच्चन के करियर को भी नई दिशा मिली।
यें भी पढ़ें : अलसी के बीज किन लोगों को नहीं खाने चाहिए? फायदे से पहले जान लें ये जरूरी बातें
परिवार की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार
अभी तक सलीम खान की सेहत को लेकर परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फैंस और इंडस्ट्री उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

