Kitchen के चिपचिपे और गंदे Switch Boards मिनटों में होंगे साफ, अपनाएं ये आसान घरेलू तरीके
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 01:09 PM (IST)
नारी डेस्क: घर की साफ-सफाई करते समय लोग अक्सर फर्श, रसोई और फर्नीचर तो चमका लेते हैं, लेकिन स्विच बोर्ड की सफाई करना भूल जाते हैं। खासकर किचन में लगे स्विच बोर्ड जल्दी गंदे और चिपचिपे हो जाते हैं। तेल, मसाले, धुआं और भाप की वजह से सफेद रंग के स्विच बोर्ड कुछ ही दिनों में पीले या काले दिखने लगते हैं। अगर इन्हें लंबे समय तक साफ न किया जाए तो गंदगी जम जाती है और साधारण कपड़े से साफ करना मुश्किल हो जाता है। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू चीजों की मदद से आप मिनटों में इन्हें फिर से नया जैसा चमका सकते हैं। चालिए आपको बताते हैं.....
सफाई शुरू करने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
स्विच बोर्ड साफ करते समय सबसे जरूरी चीज सुरक्षा है। सफाई करने से पहले घर की मेन बिजली सप्लाई बंद कर दें। कभी भी गीले हाथों से स्विच बोर्ड को न छुएं और ज्यादा पानी का इस्तेमाल करने से बचें। ध्यान रखें कि इलेक्ट्रिक बोर्ड पर सीधे पानी या लिक्विड डालना खतरनाक हो सकता है। हमेशा हल्के गीले कपड़े या ब्रश का ही इस्तेमाल करें।

बेकिंग सोडा और नींबू से हटाएं चिकनाई
अगर किचन का स्विच बोर्ड बहुत ज्यादा चिपचिपा हो गया है, तो बेकिंग सोडा और नींबू का मिश्रण काफी असरदार साबित हो सकता है। इसके लिए एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा सा नींबू का रस मिलाकर पेस्ट तैयार करें। अब इसे पुराने टूथब्रश, कॉटन या मुलायम कपड़े की मदद से स्विच बोर्ड पर लगाकर हल्के हाथों से रगड़ें। कुछ ही मिनटों में तेल और जिद्दी दाग साफ होने लगेंगे। आखिर में सूखे कपड़े से बोर्ड को अच्छी तरह पोंछ दें।
सफेद सिरका भी करेगा कमाल
सफेद सिरका यानी व्हाइट विनेगर भी गंदे स्विच बोर्ड को साफ करने का आसान तरीका है। इसके लिए बराबर मात्रा में पानी और सिरका मिलाकर घोल तैयार करें। अब किसी साफ कपड़े या ब्रश को इसमें डुबोकर स्विच बोर्ड साफ करें। इससे चिपचिपाहट और दाग तेजी से हटने लगते हैं। यह तरीका खासतौर पर पुराने दाग हटाने में मददगार माना जाता है।

ये भी पढ़ें: मां बनने वालीं करिश्मा तन्ना का Royal Home, आलीशान घर में पति संग ऐसे बिताती हैं जिंदगी
टूथपेस्ट से भी लौट सकती है चमक
सफेद रंग के स्विच बोर्ड पीले पड़ गए हैं तो साधारण सफेद टूथपेस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है। पुराने टूथब्रश पर थोड़ा सा टूथपेस्ट लगाएं और बोर्ड पर हल्के हाथों से रगड़ें। इससे जमी हुई पीली परत धीरे-धीरे साफ होने लगती है और स्विच बोर्ड पहले से ज्यादा साफ दिखाई देने लगता है। आखिर में सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ कर लें।
कोनों की सफाई के लिए अपनाएं ये तरीका
स्विच बोर्ड के कोनों में धूल और गंदगी जल्दी जम जाती है, जिसे साफ करना मुश्किल लगता है। ऐसे में पुराने टूथब्रश का इस्तेमाल सबसे बेहतर माना जाता है। माइक्रोफाइबर कपड़े से सफाई करने पर बोर्ड पर स्क्रैच भी नहीं पड़ते और चमक बनी रहती है।
सफाई करते समय भूलकर भी न करें ये गलतियां
स्विच बोर्ड साफ करते समय बहुत ज्यादा पानी का इस्तेमाल न करें। तेज केमिकल या एसिड सीधे बोर्ड पर डालने से नुकसान हो सकता है। इसके अलावा किसी धातु वाली चीज से रगड़कर सफाई करने से भी बचना चाहिए, क्योंकि इससे स्विच बोर्ड खराब हो सकता है। अगर आप चाहते हैं कि घर के स्विच बोर्ड हमेशा साफ और नए जैसे दिखें, तो महीने में कम से कम एक या दो बार उनकी सफाई जरूर करें। नियमित सफाई करने से गंदगी जमती नहीं है और सफाई में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती।


