ना हैवी नेकलेस, ना ओवर मेकअप, प्रियंका चोपड़ा के इस देसी लुक से सीखें स्टाइलिंग के तरीके
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 05:15 PM (IST)
नारी डेस्क: त्योहार हो या शादी का कोई खास फंक्शन, हर महिला चाहती है कि उसका लुक सबसे अलग और खूबसूरत नजर आए। ऐसे में अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन कुछ रॉयल और स्टाइलिश पहनने की सोच रही हैं, तो प्रियंका चोपड़ा का लेटेस्ट लुक आपके लिए अच्छी इंस्पिरेशन बन सकता है। हाल ही में एक्ट्रेस ने लॉस एंजलिस में दिवाली पार्टी होस्ट की, जिसमें वह बेहद खूबसूरत इंडो-वेस्टर्न आउटफिट में नजर आईं। उनके इस लुक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही हैं। प्रियंका ने इस खास मौके पर बरगंडी और गोल्डन रंग का खूबसूरत गाउन पहना था। इस आउटफिट में भारतीय कारीगरी के साथ मॉडर्न डिजाइन का शानदार मेल देखने को मिला। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने लुक को बहुत ज्यादा जूलरी से भारी नहीं बनाया, बल्कि सफेद चमेली के गजरे और छोटे से कुंदन मांग टीके के साथ इसे पूरा किया। उनका यह अंदाज उन महिलाओं के लिए बेहतरीन विकल्प है, जो ट्रेडिशनल कपड़ों में थोड़ा मॉडर्न टच पसंद करती हैं। अगर आप भी दिवाली पार्टी, शादी या किसी कॉकटेल फंक्शन में कुछ ऐसा ही रॉयल लुक पाना चाहती हैं, तो प्रियंका के स्टाइल से ये टिप्स अपना सकती हैं।
ट्रेडिशनल कढ़ाई के साथ चुनें मॉडर्न डिजाइन
प्रियंका के गाउन की सबसे खास बात उसकी खूबसूरत कढ़ाई थी। आउटफिट पर जर्दोजी, बीडवर्क और गोल्डन धागों से बारीक एम्ब्रॉयडरी की गई थी, जो इसे रॉयल लुक दे रही थी। वहीं इसका कॉर्सेट स्टाइल और ऑफ-शोल्डर डिजाइन इसे मॉडर्न अंदाज दे रहा था। आप भी किसी खास मौके के लिए ऐसा फ्यूजन आउटफिट चुन सकती हैं, जिसमें पारंपरिक कढ़ाई के साथ आज के फैशन के हिसाब से कट और फिटिंग हो। इससे आपका लुक न तो बहुत ज्यादा ट्रेडिशनल लगेगा और न ही पूरी तरह वेस्टर्न।
फेस्टिव सीजन में ज्वेल टोन कलर्स को दें जगह
त्योहारों और शादी के फंक्शन में रंगों का चुनाव भी आपके लुक को खास बना सकता है। प्रियंका ने अपने आउटफिट के लिए बरगंडी शेड चुना, जो गोल्डन कढ़ाई के साथ बेहद खूबसूरत लग रहा था। आप भी इस सीजन पेस्टल रंगों से हटकर रूबी रेड, एमराल्ड ग्रीन, डीप वाइन और बरगंडी जैसे गहरे रंग ट्राई कर सकती हैं। ये रंग खासतौर पर शाम की पार्टियों और शादी के फंक्शन में काफी आकर्षक लगते हैं।
ये भी पढ़ें: संजय गुप्ता अपने पीछे छोड़ गए हंसता-खेलता परिवार, पत्नी से की थी दोबारा शादी
सफेद गजरे से हेयरस्टाइल को दें देसी टच
प्रियंका ने अपने बालों को स्लीक लो बन में बांधा था और उसमें सफेद चमेली का गजरा लगाया। उनका यह हेयरस्टाइल पूरे लुक में एक खूबसूरत पारंपरिक अंदाज जोड़ रहा था। अगर आप भी गाउन या इंडो-वेस्टर्न आउटफिट पहन रही हैं, तो उसके साथ लो बन या स्लीक जूड़ा बनाकर सफेद गजरा लगा सकती हैं। यह छोटा-सा बदलाव आपके पूरे लुक को खास बना सकता है।
मांग टीके को बनाएं लुक की खास पहचान
हैवी आउटफिट के साथ हमेशा भारी नेकलेस या ढेर सारी जूलरी पहनना जरूरी नहीं होता। प्रियंका ने भी अपने गाउन के साथ छोटे से कुंदन मांग टीके और हाथों में स्टैक्ड ब्रेसलेट्स पहने। इससे उनका लुक खूबसूरत होने के साथ-साथ संतुलित भी नजर आया। आप भी अगर हैवी आउटफिट पहन रही हैं, तो नेकलेस की जगह मांग टीका, स्टेटमेंट ईयररिंग्स या खूबसूरत कंगन चुन सकती हैं।
आउटफिट के हिसाब से करें मेकअप
किसी भी लुक को पूरा करने में मेकअप की अहम भूमिका होती है। प्रियंका ने अपने बरगंडी गाउन के साथ बेरी शेड की लिपस्टिक लगाई। आंखों पर स्मोकी मेकअप और गालों पर हल्का हाइलाइटर उनके लुक को और निखार रहा था। आप भी अपने आउटफिट के रंग से मिलता-जुलता लिप शेड चुन सकती हैं। बस ध्यान रखें कि अगर आपका आउटफिट पहले से ही हैवी है, तो मेकअप को बहुत ज्यादा बोल्ड न रखें। हल्का और बैलेंस्ड मेकअप आपके लुक को ज्यादा खूबसूरत बना सकता है।
प्रियंका चोपड़ा का यह अंदाज बताता है कि सही रंग, खूबसूरत कढ़ाई और थोड़ी-सी जूलरी के साथ आप भी अपने फेस्टिव लुक को रॉयल बना सकती हैं।

