कल इस समय करें गोवर्धन पूजा: सिर्फ 2 घंटे 10 मिनट रहेगा शुभ मुहूर्त, जानें सही पूजा विधि

punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 07:35 PM (IST)

नारी डेस्क : दिवाली के बाद अब गोवर्धन पूजा का त्योहार मनाया जाएगा। हिंदू धर्म में इस पर्व का विशेष महत्व है। यह दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौ माता की पूजा के लिए समर्पित होता है। धार्मिक मान्यता है कि गोवर्धन पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और भगवान कृष्ण की विशेष कृपा बनी रहती है। इस दिन भक्त घरों में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाते हैं और भगवान को अन्नकूट का भोग लगाते हैं। अगर आप भी गोवर्धन पूजा की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले इसकी सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा का महत्व जान लें।

कब मनाई जाएगी गोवर्धन पूजा 2026?

हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को गोवर्धन पूजा मनाई जाती है। साल 2026 में प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर शुरू होगी और 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे समाप्त होगी। उदया तिथि के अनुसार, इस साल गोवर्धन पूजा 10 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाई जाएगी। इस दिन सुबह से ही मंदिरों और घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के साथ गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा करेंगे। कई जगहों पर अन्नकूट उत्सव भी मनाया जाएगा, जिसमें तरह-तरह के पकवान बनाकर भगवान को भोग लगाया जाता है।

गोवर्धन पूजा 2026 का शुभ मुहूर्त

गोवर्धन पूजा के दिन शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है। यहां जानें पूजा के प्रमुख मुहूर्त:
गोवर्धन पूजा की तारीख: 10 नवंबर 2026, मंगलवार
प्रतिपदा तिथि शुरू: 9 नवंबर, दोपहर 12:31 बजे
प्रतिपदा तिथि समाप्त: 10 नवंबर, दोपहर 2:00 बजे
सुबह पूजा का शुभ मुहूर्त: सुबह 6:40 से 8:50 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:43 से दोपहर 12:26 बजे तक
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:30 से 5:56 बजे तक
सुबह का पूजा मुहूर्त कुल 2 घंटे 10 मिनट का रहेगा। श्रद्धालु इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर सकते हैं।

यें भी पढ़ें : गोवर्धन पूजा के दिन जरूर करें ये उपाय, भगवान कृष्ण की कृपा से चमक उठेगी किस्मत!

 

गोवर्धन पूजा का धार्मिक महत्व

गोवर्धन पूजा के पीछे भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी एक बेहद प्रसिद्ध पौराणिक कथा प्रचलित है। मान्यता है कि द्वापर युग में ब्रजवासी अच्छी बारिश और सुख-समृद्धि के लिए देवराज इंद्र की पूजा किया करते थे। लेकिन भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें समझाया कि उनके जीवन का आधार प्रकृति, गोवर्धन पर्वत और गायें हैं। इसलिए इनकी पूजा और सम्मान करना चाहिए। श्रीकृष्ण की बात मानकर ब्रजवासियों ने देवराज इंद्र की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा की। इससे इंद्र देव क्रोधित हो गए और उन्होंने पूरे ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। लगातार बारिश के कारण ब्रजवासियों और उनके पशुओं का जीवन संकट में पड़ गया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर विशाल गोवर्धन पर्वत उठा लिया। सभी ब्रजवासी अपने पशुओं और परिवारों के साथ पर्वत के नीचे आ गए और बारिश से सुरक्षित रहे। मान्यता है कि सात दिनों तक लगातार वर्षा करने के बाद इंद्र देव को अपनी गलती का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी। इसी घटना की याद में हर साल गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है। इस दिन गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर उसकी पूजा और परिक्रमा की जाती है। साथ ही भगवान कृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाया जाता है।

गोवर्धन पूजा पर क्यों लगाया जाता है अन्नकूट का भोग?

गोवर्धन पूजा के दिन भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग या अन्नकूट का भोग लगाने की परंपरा है। इसमें कई तरह के पकवान, मिठाइयां, सब्जियां और अनाज से बने व्यंजन शामिल किए जाते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, अन्नकूट का भोग प्रकृति और अन्न के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है। इस दिन भक्त भगवान कृष्ण से परिवार की खुशहाली, अच्छी फसल और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static