'सोनाक्षी की हिम्मत की लोग कर रहे तारीफ', प्रदर्शन की तस्वीरें शेयर कर उठाई छात्रों की आवाज

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 02:30 PM (IST)

नारी डेस्क: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा एक बार फिर सामाजिक मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाती नजर आई हैं। उन्होंने CJP (छात्र आंदोलन) के समर्थन में दिल्ली में हुए प्रदर्शन की कुछ ऐसी तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें प्रदर्शनकारियों की मुश्किलें, पुलिस कार्रवाई और घायल छात्रों की झलक दिखाई दे रही है। इन तस्वीरों को शेयर करने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सोनाक्षी के रुख की सराहना की और उन्हें समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया।

दिल्ली के 'संसद चलो' प्रदर्शन की तस्वीरें कीं शेयर

सोनाक्षी सिन्हा ने 20 जुलाई को दिल्ली में हुए 'संसद चलो' प्रदर्शन से जुड़ी कई तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में प्रदर्शन के दौरान हुए तनावपूर्ण हालात दिखाई दे रहे हैं। कुछ तस्वीरों में पुलिस कार्रवाई, लाठीचार्ज, आंसू गैस और घायल छात्रों के दृश्य नजर आए। बताया जा रहा है कि यह प्रदर्शन NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किया गया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति भी बनी थी।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Sonakshi Sinha (@aslisona)

सोनाक्षी ने लिखा- 'बहुत लोगों की हड्डियां टूटीं और एक देश का दिल भी टूटा'

तस्वीरें साझा करते हुए सोनाक्षी सिन्हा ने लिखा, "20 जुलाई, बहुत लोगों की हड्डियां टूटीं और एक पूरे देश का दिल भी टूटा। इसे याद रखना।" उनकी इस पोस्ट में प्रदर्शन से जुड़ी कई भावुक करने वाली तस्वीरें शामिल थीं। पोस्ट सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं।

पहले भी छात्रों और सोनम वांगचुक के समर्थन में रख चुकी हैं बात

यह पहली बार नहीं है जब सोनाक्षी सिन्हा ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है। इससे पहले भी वह प्रदर्शन कर रहे छात्रों और सोनम वांगचुक के समर्थन में बोल चुकी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की थी कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति की आवाज सुनी जानी चाहिए। उन्होंने सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के तरीके को लेकर भी सवाल उठाए थे और सरकार से प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत शुरू करने की अपील की थी।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें: बच्चे को हो गई है कब्ज? डाइट में शामिल करें ये 5 फल, मल होगा मुलायम और पेट भी रहेगा साफ

'मैं चुप नहीं रह सकती'- सोनाक्षी का वीडियो संदेश

अपने एक वीडियो संदेश में सोनाक्षी ने कहा था कि अब वह इस मुद्दे पर चुप नहीं रह सकतीं। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक ने देश के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं और उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा था कि सोनम वांगचुक यह लड़ाई उन बच्चों के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई है। सोनाक्षी ने यह भी कहा कि जब कई लोग चुप हैं, तब वह अपनी आवाज उठाना जरूरी समझती हैं।

सरकार से बातचीत शुरू करने की अपील

सोनाक्षी ने अपने वीडियो में सरकार से प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने की अपील भी की थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि आखिर कोई उनकी बात क्यों नहीं सुन रहा और बातचीत के लिए पहल क्यों नहीं हो रही। एक्ट्रेस ने यह भी साफ किया था कि किसी मुद्दे पर आवाज उठाना देश के खिलाफ होना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह केवल अपनी बात रखने और लोगों की आवाज को सामने लाने की कोशिश कर रही हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ

सोनाक्षी की पोस्ट पर कई यूजर्स ने उनकी सराहना की। कुछ लोगों ने उनकी हिम्मत की तारीफ करते हुए लिखा कि जब कई लोग चुप रहते हैं, तब उन्होंने अपनी बात सामने रखी। एक यूजर ने कमेंट किया, "आपकी इस हिम्मत का जवाब नहीं, आपने अपनी आवाज उठाकर दिल जीत लिया।" वहीं कई अन्य लोगों ने उन्हें बहादुर बताया और सामाजिक मुद्दों पर बोलने के लिए धन्यवाद दिया।

PunjabKesari

सोनम वांगचुक की टीम ने भी जताया आभार

सोनम वांगचुक की टीम ने भी सोनाक्षी के समर्थन के लिए उनका धन्यवाद किया। टीम की ओर से कमेंट करते हुए लिखा गया कि वे उनके सहयोग और समर्थन की दिल से सराहना करते हैं। सोनाक्षी सिन्हा की यह पोस्ट एक बार फिर चर्चा में है और सोशल मीडिया पर लोग उनके समर्थन और इस मुद्दे पर उनकी राय को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
  
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static