कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर त्वचा देती है संकेत, ये लक्षण दिखें तो न करें नजरअंदाज

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 12:17 PM (IST)

नारी डेस्क:  आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी, गलत खानपान और शारीरिक गतिविधि की कमी की वजह से हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या तेजी से बढ़ रही है। अक्सर लोग इसे सिर्फ हार्ट से जोड़कर देखते हैं, लेकिन सच यह है कि बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल आपकी त्वचा पर भी साफ नजर आने लगता है। अगर त्वचा में अचानक कुछ बदलाव दिखें तो उन्हें हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।

क्या होता है कोलेस्ट्रॉल और क्यों है ये जरूरी?

कोलेस्ट्रॉल शरीर में पाया जाने वाला एक तरह का फैट होता है, जो हार्मोन बनाने और कोशिकाओं की संरचना के लिए जरूरी है। लेकिन जब इसकी मात्रा जरूरत से ज्यादा बढ़ जाती है, तो यह ब्लड वेसल्स में जमने लगता है। इसका सीधा असर शरीर के ब्लड सर्कुलेशन पर पड़ता है, जिससे त्वचा तक सही मात्रा में ऑक्सीजन और पोषण नहीं पहुंच पाता।

पलकों पर दिख रहे ये बदलाव हो सकते हैं High Cholesterol के लक्षण

त्वचा क्यों दिखाने लगती है अंदरूनी बीमारी के संकेत?

जब खून में फैट का स्तर बढ़ जाता है, तो त्वचा की कोशिकाओं को पूरा पोषण नहीं मिल पाता। इसका नतीजा यह होता है कि त्वचा की चमक कम होने लगती है, वह रूखी और बेजान दिखने लगती है। कई बार त्वचा पर दिखने वाले ये बदलाव शरीर के अंदर चल रही गंभीर समस्या का इशारा होते हैं।

कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर त्वचा पर दिखने वाले लक्षण

जब शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है तो त्वचा पर कुछ खास लक्षण नजर आने लगते हैं। त्वचा पर पीले या सफेद रंग की छोटी गांठें दिखाई दे सकती हैं, जिन्हें मेडिकल भाषा में ज़ैंथिलाज्मा कहा जाता है। ये गांठें अक्सर आंखों के आसपास, पलकों, कोहनी, घुटनों या एड़ियों पर दिखती हैं। कई लोगों की आंखों के किनारों पर पीली परत या धब्बे नजर आने लगते हैं, जो हाई कोलेस्ट्रॉल का बड़ा संकेत हो सकता है। इसके अलावा त्वचा का रूखा और बेजान होना, हाथ-पैरों में झनझनाहट, रंग में बदलाव और घावों का देर से भरना भी बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल की ओर इशारा करता है।

ये भी पढ़ें: किस बीमारी में दिल अचानक धड़कते-धड़कते रुक जाता है, जानें एक्सपर्ट की राय

हाई कोलेस्ट्रॉल से कैसे करें बचाव?

कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखने के लिए सबसे जरूरी है हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना। रोज़मर्रा के खानपान में तले-भुने, ज्यादा तेल वाले और जंक फूड से दूरी बनानी चाहिए। डाइट में हरी सब्जियां, ताजे फल, साबुत अनाज और फाइबर से भरपूर चीजों को शामिल करें। रोज़ाना योग, वॉक या हल्की एक्सरसाइज करने से भी कोलेस्ट्रॉल लेवल कंट्रोल में रहता है।

लाइफस्टाइल में करें ये जरूरी बदलाव

अपने वजन को कंट्रोल में रखें और तनाव कम करने की कोशिश करें। धूम्रपान और शराब से दूरी बनाना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही रोज़ाना 7–8 घंटे की नींद लें और समय-समय पर ब्लड टेस्ट कराकर कोलेस्ट्रॉल लेवल की जांच कराते रहें।

PunjabKesari

डॉक्टर से कब संपर्क करना चाहिए?

अगर त्वचा पर अचानक पीले धब्बे या गांठें दिखने लगें, त्वचा लंबे समय तक रूखी और बेजान बनी रहे या घाव जल्दी ठीक न हों, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। इसके अलावा, अगर ब्लड टेस्ट में कोलेस्ट्रॉल ज्यादा आए, सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी या बार-बार चक्कर आने जैसी समस्या हो, तो जांच में देरी न करें।

जरूरी सलाह- हाई कोलेस्ट्रॉल कई बार बिना किसी लक्षण के भी शरीर को नुकसान पहुंचाता रहता है। इसलिए समय रहते इसकी पहचान और सही इलाज बेहद जरूरी है। त्वचा पर दिखने वाले संकेतों को नजरअंदाज न करें, क्योंकि यही आपकी सेहत का पहला अलार्म हो सकते हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static