Urine में झाग दिखे तो न करें नजरअंदाज, हो सकता गंभीर बीमारी का संकेत

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 01:32 PM (IST)

नारी डेस्क : किडनी हमारे शरीर का एक बेहद अहम अंग है, जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं। यह बिना रुके हर पल काम करती रहती है और खून को साफ करके शरीर से गंदगी, टॉक्सिन्स और अतिरिक्त पानी को पेशाब (यूरिन) के जरिए बाहर निकालती है। इसके साथ-साथ किडनी ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने, खून बनाने और हड्डियों को मजबूत रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। लेकिन जब किडनी से जुड़ी कोई परेशानी शुरू होती है, तो इसके शुरुआती लक्षण अक्सर साफ नजर नहीं आते। ऐसे में पेशाब में होने वाले छोटे-छोटे बदलाव किडनी की खराबी का पहला संकेत हो सकते हैं।

किडनी क्यों है सेहत के लिए इतनी जरूरी?

किडनी को शरीर का फिल्टर सिस्टम कहा जाता है। यह खून से बेकार पदार्थ छानकर बाहर निकालती है और शरीर में पानी व नमक का संतुलन बनाए रखती है। अगर किडनी ठीक से काम न करे, तो शरीर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं। इसका असर थकान, सूजन, हाई ब्लड प्रेशर और आगे चलकर गंभीर बीमारियों के रूप में सामने आ सकता है।

PunjabKesari

पेशाब में झाग: किडनी खराब होने का अहम संकेत

अगर पेशाब करते समय बार-बार और ज्यादा झाग बनता दिखे, तो यह किडनी से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। सामान्य रूप से स्वस्थ किडनी प्रोटीन को खून में ही रोककर रखती है। लेकिन जब किडनी का फिल्टर कमजोर होने लगता है, तो प्रोटीन यूरिन में जाने लगता है, जिससे पेशाब में झाग दिखाई देता है।
हालांकि हर बार झाग दिखना खतरे की बात नहीं होती। तेज एक्सरसाइज, बुखार होना, शरीर में पानी की कमी और बहुत तेजी से पेशाब करना। इन स्थितियों में भी अस्थायी रूप से झाग आ सकता है। लेकिन अगर झाग लगातार बना रहे और अपने आप कम न हो, तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

यें भी पढ़ें : क्या गुर्दे की पथरी सर्जरी के बिना खुद निकल सकती है? जानें डॉक्टरों के असरदार उपाय

पेशाब में दिखने वाले दूसरे चेतावनी संकेत

किडनी की समस्या सिर्फ झाग तक सीमित नहीं होती। इन बदलावों पर भी ध्यान देना जरूरी है
पेशाब के रंग में बदलाव
बहुत गाढ़ा या बहुत हल्का पेशाब
पेशाब में खून आना
बदबू आना या जलन होना
पैरों, चेहरे या आंखों के आसपास सूजन
बार-बार पेशाब आना या रात में ज्यादा पेशाब लगना
ये सभी लक्षण किडनी की खराबी की ओर इशारा कर सकते हैं।

PunjabKesari

कौन-कौन से टेस्ट कराना जरूरी है?

किडनी की शुरुआती जांच के लिए यूरिन डिपस्टिक टेस्ट एक आसान और सस्ता तरीका माना जाता है। इससे यह पता चलता है कि पेशाब में प्रोटीन मौजूद है या नहीं। हालांकि यह टेस्ट प्रोटीन की सही मात्रा नहीं बताता। इसके अलावा यूरिन एल्बुमिन-क्रिएटिनाइन रेशियो (UACR) टेस्ट बहुत महत्वपूर्ण होता है। यह टेस्ट पेशाब में एल्बुमिन और क्रिएटिनाइन की मात्रा का अनुपात बताता है। अगर यह रेशियो बार-बार ज्यादा आता है, तो इसका मतलब किडनी को नुकसान हो रहा है। डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को ये टेस्ट नियमित रूप से कराते रहना चाहिए, क्योंकि उनमें किडनी खराब होने का खतरा ज्यादा होता है।

यें भी पढ़ें : डायबिटीज वालों के लिए चमत्कारी पत्ता, जितना खाओ उतना कंट्रोल में रहेगी शुगर

इन संकेतों को बिल्कुल हल्के में न लें

अगर पेशाब में लगातार झाग आ रहा हो, शरीर में सूजन दिख रही हो, ब्लड प्रेशर कंट्रोल में न रहता हो या रिपोर्ट में प्रोटीन और क्रिएटिनाइन बढ़े हुए हों, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। समय पर इलाज शुरू होने से किडनी को होने वाले बड़े नुकसान से बचा जा सकता है।

PunjabKesari

किडनी को स्वस्थ रखने के आसान उपाय

रोज पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
संतुलित और हल्का भोजन करें
ज्यादा नमक और तले-भुने खाने से बचें
डायबिटीज और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखें
बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयों का ज्यादा सेवन न करें
साल में कम से कम एक बार हेल्थ चेक-अप जरूर कराएं।
पेशाब में झाग दिखना एक छोटा-सा लक्षण जरूर है, लेकिन यह किडनी की गंभीर बीमारी की शुरुआती चेतावनी हो सकता है। समय रहते इसे समझना, जांच कराना और सही कदम उठाना आपकी किडनी और पूरी सेहत को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static