शहनाज हुसैन ने बताए बालों की सेहत के लिए घरेलू उपाय,  जो रोक देंगे बालों का झड़ना, आज ही करें ट्राई

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 05:18 PM (IST)

 नारी डेस्क :  बालों की देखभाल अक्सर नजरअंदाज की जाती है, जबकि यह हमारे व्यक्तित्व को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं। घने, मुलायम और खूबसूरत बाल हर किसी की चाहत होते हैं। लेकिन खराब जीवनशैली, तनाव और भाग-दौड़ भरी जिंदगी में बालों की सही देखभाल करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कुछ लोगों को बाल झड़ने की समस्या होती है, कुछ के बाल बहुत तैलीय होते हैं, कुछ को रूसी की समस्या होती है और कुछ के बाल रूखे-पत्ते जैसे दिखते हैं। लेकिन सही खान-पान और घरेलू उपाय अपनाकर स्वस्थ और सुंदर बाल पाना मुश्किल नहीं है।

संतुलित आहार से बालों को पोषण दें

बाल मुख्यतः प्रोटीन से बने होते हैं, इसलिए प्रोटीन युक्त आहार बालों की मजबूती और विकास के लिए बेहद जरूरी है। अपने आहार में ये चीजें शामिल करें।  अंडे, चिकन, मछली, दालें, सोयाबीन , दही और पनीर इसके अलावा, बालों की सेहत के लिए ये चीजें भी लाभकारी हैं। बेरीज़, पालक, शकरकंद और एवोकाडो – बालों को पोषण और शक्ति देते हैं। मेथी, चुकंदर और दालें – बालों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं।

PunjabKesari

पर्याप्त नींद और तनाव मुक्त जीवन

रोजाना 6-7 घंटे की नींद बालों के विकास और स्वस्थ रहने में मदद करती है। नींद के दौरान शरीर प्रोटीन संश्लेषण करता है, कोशिकाओं का पुनर्निर्माण होता है और हार्मोन नियंत्रण में रहते हैं। लंबे समय तक तनाव लेने से कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ता है, जिससे बाल झड़ने लगते हैं और समय से पहले सफेद होना शुरू हो जाते हैं। इसलिए तनाव कम करना और खुद को मानसिक रूप से शांत रखना बालों के लिए जरूरी है।

बालों की सफाई और प्राकृतिक क्लींजर

बाजार में उपलब्ध रसायनिक शैम्पू और उत्पाद बालों पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं। इसलिए घरेलू उपाय अपनाएं।

ये भी पढ़ें:  क्या आप जानते हैं गुलाब के ये 4 चौंकाने वाले हेल्थ बेनिफिट्स?

प्राकृतिक क्लींजर बनाने का तरीका

एक मुट्ठी सूखा रीठा, शिकाकाई और आंवला लें। इन्हें 1 लीटर पानी में डालकर रात भर भीगने के लिए रख दें। अगले दिन इस मिश्रण को धीमी आंच पर तब तक उबालें जब तक पानी आधा न रह जाए। ठंडा होने पर छलनी से छान लें और इसे अपने बाल धोने के लिए इस्तेमाल करें।

PunjabKesari

बालों की ऑयलिंग

बालों में हल्के हाथ से तेल की मालिश करें। इससे रक्त संचार बढ़ता है और बाल कोमल, मुलायम और मजबूत होते हैं। तेल के विकल्प: नारियल तेल, जैतून का तेल, बादाम का तेल रुसी की समस्या के लिए नारियल तेल या तिल का तेल कारगर होता है। जैतून का तेल हल्का गर्म करके रात में रूई की मदद से सिर पर लगाएं।

 नियमित देखभाल के फायदे

बाल झड़ना कम होता है और जड़ें मजबूत होती हैं। बाल घने, मुलायम और चमकदार बनते हैं। स्कैल्प की सफाई और पोषण होता है। रूसी और तैलीय त्वचा की समस्या दूर होती है। स्वस्थ बाल पाने के लिए केवल ब्यूटी प्रोडक्ट्स पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। सही खान-पान, पर्याप्त नींद, तनाव मुक्त जीवन और घरेलू उपाय अपनाकर आप अपने बालों को मजबूत, घना और खूबसूरत बना सकते हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static