सिर्फ पानी में भिगोना काफी नहीं! जानें पत्तागोभी धोने का सही तरीका
punjabkesari.in Sunday, Jan 04, 2026 - 05:22 PM (IST)
नारी डेस्क : सर्दियों में पत्तागोभी (Cabbage) लगभग हर भारतीय रसोई में इस्तेमाल की जाने वाली आम सब्जी है। सब्जी, सलाद, मंचूरियन, कोफ्ते या पराठे हर रूप में पत्तागोभी का स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर इसे सही तरीके से साफ न किया जाए, तो यही पत्तागोभी आपकी सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती है?

दरअसल पत्तागोभी की कई परतों के बीच मिट्टी, छोटे कीड़े, बैक्टीरिया और कीटनाशकों के अवशेष छिपे रहते हैं, जो आंखों से दिखाई नहीं देते। सिर्फ ऊपर से धोकर या पानी में हल्का सा भिगोकर इसे पकाना फूड पॉइजनिंग और पेट की समस्याओं को न्योता दे सकता है।
क्यों जरूरी है पत्तागोभी को सही तरीके से धोना?
पत्तागोभी जमीन के बेहद करीब उगती है, इसलिए इसमें मिट्टी और कीड़े लगने की संभावना ज्यादा होती है। कई बार इसके अंदर छोटे हरे कीड़े छिपे रहते हैं, जो सीधे शरीर में पहुंचकर संक्रमण, उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इसके अलावा खेतों में इस्तेमाल किए गए कीटनाशक भी इसकी परतों में फंसे रह सकते हैं।
यें भी पढ़ें : नीट की तैयारी कर रही छात्रा की दर्दनाक मौत, ये सब्जी खाने से दिमाग में बन गईं 25 गांठें
पत्तागोभी धोने का सही और सुरक्षित तरीका
बाहरी पत्ते जरूर हटाएं: सबसे पहले पत्तागोभी को किसी साफ सतह पर रखें और उसके ऊपर के 2–3 बाहरी पत्ते निकालकर फेंक दें। यही पत्ते सबसे ज्यादा गंदे होते हैं और इनमें कीटनाशक जमा रहते हैं।

काटकर धोना है बेहद जरूरी: पूरी पत्तागोभी को बिना काटे धोना गलत तरीका है। इसे बीच से दो या चार हिस्सों में काट लें, ताकि अंदर की परतों तक पानी पहुंच सके और छिपी गंदगी बाहर निकल सके।
नमक वाले पानी में भिगोएं: अब एक बड़े बर्तन में साफ पानी भरें और उसमें कटी हुई पत्तागोभी डाल दें। 10 से 15 मिनट तक भिगोकर रखें। चाहें तो पानी में 1 चम्मच नमक मिलाएं। नमक डालने से कीड़े जल्दी बाहर निकल आते हैं और बैक्टीरिया भी कम होते हैं। कुछ लोग इसमें थोड़ा सिरका या बेकिंग सोडा भी मिलाते हैं, जिससे कीटनाशकों का असर कम होता है।
बहते पानी में अच्छी तरह धोएं: भिगोने के बाद पानी फेंक दें और पत्तागोभी को बहते साफ पानी में 2–3 बार अच्छे से धोएं। हाथ से हल्के-हल्के पत्तों को हिलाएं ताकि हर परत साफ हो जाए।
यें भी पढ़ें : फैटी लिवर की दुश्मन हैं ये 5 हरी सब्जियां, खाते ही घटने लगेगा फैट और सूजन
पानी सुखाना न भूलें: धोने के बाद पत्तागोभी को छलनी में रखें या साफ कपड़े पर फैलाकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल लें। गीली पत्तागोभी पकाने से सब्जी में पानी ज्यादा निकलता है और स्वाद भी खराब हो सकता है। अगर सलाद बनाना है तो पत्तों का सूखा होना और भी जरूरी है।

सही तरीके से धोने के फायदे
पेट दर्द, दस्त और फूड पॉइजनिंग से बचाव
कीड़े और बैक्टीरिया का खतरा कम
सब्जी का स्वाद और टेक्सचर बेहतर
बच्चों और बुजुर्गों के लिए ज्यादा सुरक्षित।
यें भी पढ़ें : सर्दियों में मालिश के लिए कौन सा तेल सबसे अच्छा? जानिए कौन सा तेल शरीर को रखता है गर्म
सेहत का रखें खास ध्यान
अक्सर हम जल्दी में सब्जियों को ठीक से साफ नहीं करते, लेकिन यही छोटी सी लापरवाही बड़ी बीमारी की वजह बन सकती है। इसलिए अगली बार पत्तागोभी बनाते समय सिर्फ पानी में भिगोने पर भरोसा न करें, बल्कि सही तरीके से धोकर ही इस्तेमाल करें। थोड़ा सा समय निकालकर की गई सही सफाई, आपको और आपके परिवार को कई बीमारियों से बचा सकती है।

