रोज इस तरीके से पिएं मेथी का पानी, नसों में जमा गंदा कोलेस्ट्रॉल धीरे-धीरे होगा साफ

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 11:01 AM (IST)

नारी डेस्क : आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, फास्ट फूड और कम शारीरिक गतिविधि के कारण कोलेस्ट्रॉल की समस्या तेजी से बढ़ रही है। जब शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) बढ़ जाता है, तो यह धीरे-धीरे नसों में जमा होकर धमनियों में ब्लॉकेज पैदा कर सकता है। इससे हार्ट अटैक और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। आयुर्वेद के अनुसार मेथी दाना एक बेहद प्रभावी औषधि है, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाती है। आयुर्वेद विशेषज्ञों के मुताबिक अगर रोज सुबह खाली पेट मेथी का पानी पिया जाए, तो यह शरीर में जमा गंदे कोलेस्ट्रॉल को कम करने, पाचन सुधारने और वजन कंट्रोल करने में मदद कर सकता है।

आइए जानते हैं मेथी का पानी पीने के 5 बड़े फायदे।

कोलेस्ट्रॉल कम करने में मददगार

मेथी के दानों में भरपूर मात्रा में फाइबर और स्टेरॉयडल सैपोनिन्स पाए जाते हैं। ये तत्व शरीर में मौजूद बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में सहायक होते हैं। नियमित रूप से मेथी का पानी पीने से नसों की दीवारों पर जमा फैट धीरे-धीरे कम हो सकता है, जिससे ब्लॉकेज का खतरा कम होता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनता है।

PunjabKesari

डायबिटीज कंट्रोल करने में सहायक

मेथी का पानी डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर ब्लड में शुगर के अवशोषण को धीमा कर देता है। इससे ब्लड शुगर लेवल अचानक नहीं बढ़ता और शरीर में इंसुलिन के काम करने की क्षमता भी बेहतर हो सकती है।

यें भी पढ़ें : क्या होती है Blue Mind थेरेपी? जिससे दिमाग हो जाता एकदम ताजा

 

पाचन तंत्र को बनाता है मजबूत

अगर आपको गैस, एसिडिटी या कब्ज की समस्या रहती है, तो मेथी का पानी पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है। यह आंतों को साफ रखने और शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने में सहायक होता है, जिससे पेट से जुड़ी कई परेशानियां कम हो सकती हैं।

PunjabKesari

जोड़ों के दर्द और सूजन में राहत

मेथी में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। इसकी तासीर गर्म होती है, जो शरीर में वात दोष को संतुलित करने में मदद करती है। नियमित सेवन से जोड़ों में होने वाली सूजन और दर्द में भी राहत मिल सकती है।

यें भी पढ़ें : थायरॉयड में अचानक क्यों बढ़ने लगता है वजन? जानें इसकी असली वजह

 

वजन कम करने में मदद

मेथी का पानी शरीर के मेटाबॉलिज्म को तेज करने में मदद करता है। सुबह खाली पेट इसका सेवन करने से शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी को कम करने में सहायता मिल सकती है। इसके अलावा मेथी खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे ओवरईटिंग से बचाव होता है।

PunjabKesari

मेथी का पानी बनाने का सही तरीका

रात को एक गिलास पानी में एक चम्मच मेथी दाना भिगो दें।
सुबह खाली पेट भीगे हुए मेथी के दाने चबाकर खा लें।
इसके बाद वही पानी धीरे-धीरे पी लें।
इस आसान उपाय को नियमित रूप से अपनाने से शरीर को कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं।

ध्यान रखने वाली बातें

लो ब्लड शुगर वाले लोग इसका सेवन डॉक्टर की सलाह से करें।
गर्भवती महिलाओं को मेथी का अधिक सेवन नहीं करना चाहिए।
किसी भी गंभीर बीमारी में घरेलू उपाय अपनाने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static