मच्छर काटने के बाद खुजली क्यों होती है? जानें इसके पीछे का कारण

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 11:47 AM (IST)

नारी डेस्क : गर्मियों की शुरुआत होते ही मच्छरों का आतंक बढ़ने लगता है। मच्छर न केवल परेशान करते हैं, बल्कि इनके काटने से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। अक्सर जब मच्छर काटता है तो उस जगह पर लाल निशान, सूजन और तेज खुजली होने लगती है। कई लोग सोचते हैं कि यह खुजली मच्छर के डंक की वजह से होती है, लेकिन असल में इसके पीछे हमारे शरीर की एक खास प्रतिक्रिया होती है।

मच्छर के काटने पर क्यों होती है खुजली?

हेल्थ रिपोर्ट्स के अनुसार जब मच्छर हमारी त्वचा पर बैठता है, तो वह अपनी पतली सूंड (डंक) त्वचा के अंदर डालकर खून चूसने लगता है। खून पीने से पहले मच्छर हमारी त्वचा में अपनी लार (saliva) छोड़ देता है। इस लार में कुछ विशेष एंजाइम और प्रोटीन होते हैं, जो खून को जमने से रोकते हैं। इससे मच्छर को खून पीने में आसानी होती है। लेकिन हमारा शरीर इस लार को एक एलर्जेन (हानिकारक पदार्थ) की तरह पहचानता है। जैसे ही मच्छर की लार त्वचा में प्रवेश करती है, हमारा इम्यून सिस्टम सक्रिय हो जाता है। शरीर उस जगह पर हिस्टामाइन (Histamine) नाम का एक केमिकल रिलीज करता है। यही केमिकल उस जगह पर सूजन, लालिमा और खुजली पैदा करता है।

PunjabKesari

क्यों बन जाता है लाल उभार?

हिस्टामाइन ब्लड वेसल्स को थोड़ा चौड़ा कर देता है ताकि व्हाइट ब्लड सेल्स उस जगह तक पहुंच सकें और शरीर को संक्रमण से बचा सकें। इसी प्रक्रिया के कारण त्वचा पर छोटा सा लाल उभार और खुजली महसूस होती है। कई लोगों में यह प्रतिक्रिया ज्यादा होती है, इसलिए उन्हें मच्छर काटने पर ज्यादा सूजन और खुजली होती है।

यें भी पढ़ें : डायबिटीज वालों के लिए चमत्कारी पत्ता, जितना खाओ उतना कंट्रोल में रहेगी शुगर

 

मच्छर काटने के बाद खुजली से कैसे पाएं राहत?

अगर आपको मच्छर काट ले, तो कुछ आसान उपायों से खुजली कम की जा सकती है:
सबसे पहले उस जगह को साबुन और साफ पानी से धो लें
बर्फ से हल्की सिकाई करने से सूजन और खुजली कम हो जाती है
कैलामाइन लोशन या एलोवेरा जेल लगाने से त्वचा को ठंडक मिलती है
खुजली वाली जगह को बार-बार खुजलाने से बचें, इससे इंफेक्शन हो सकता है।

PunjabKesari

मच्छरों से बचाव क्यों जरूरी है?

मच्छर केवल खुजली ही नहीं करते, बल्कि कई खतरनाक वायरस और बैक्टीरिया भी फैलाते हैं। संक्रमित मच्छर के काटने से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियां हो सकती हैं। इसलिए मच्छरों से बचाव करना बेहद जरूरी है।

यें भी पढ़ें : पुरुषों की इन आदतों से महिलाओं में बढ़ रहा सर्वाइकल कैंसर का खतरा

 

मच्छरों से बचने के आसान तरीके

रात में मच्छरदानी का उपयोग करें
घर में मॉस्किटो रिपेलेंट या कॉइल का इस्तेमाल करें
घर के आसपास पानी जमा न होने दें
पूरी बाजू के कपड़े पहनें।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static