₹370 बिरयानी विवाद पर बढ़ा बवाल, अब Rashami Desai भड़कीं और Ayesha Khan ने भी साधा निशाना

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 03:41 PM (IST)

 नारी डेस्क:  '₹370 की बिरयानी' विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में हुई एक आपत्तिजनक बातचीत को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार नाराजगी देखने को मिल रही है। अब टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां भी इस मामले पर खुलकर प्रतिक्रिया दे रही हैं। अभिनेत्री रश्मि देसाई, आयशा खान और दिवंगत अभिनेता इरफान खान की पत्नी सुतापा सिकदर ने इस पूरे विवाद पर अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर की है। दरअसल, प्रणित मोरे के गुरुग्राम में हुए एक लाइव शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दर्शकों के बीच मौजूद हिमांशु जांगड़ा नाम के युवक ने अपनी डेट का एक अनुभव साझा किया। उसने बताया कि उसने एक लड़की पर ₹370 खर्च करके बिरयानी खिलाई थी और इसके बदले में वह उससे कुछ "वसूल" करना चाहता था। युवक की यह टिप्पणी सुनकर वहां मौजूद कई लोग हंसने लगे, जबकि स्टेज पर मौजूद प्रणित मोरे भी इस पर हंसते दिखाई दिए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने इसे महिलाओं के प्रति अपमानजनक और असंवेदनशील बताया।

रश्मि देसाई ने उठाई शो बंद करने की मांग

टीवी अभिनेत्री रश्मि देसाई ने इस विवाद पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह किसी भी तरह की कॉमेडी नहीं है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि जब लोगों के पास क्रिएटिव कंटेंट नहीं होता, तब वे इस तरह की बातें करके ध्यान खींचने की कोशिश करते हैं। रश्मि ने आगे कहा कि ऐसे कंटेंट की वजह से पूरी कॉमेडी इंडस्ट्री बदनाम होती है और असली कलाकारों की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने प्रणित मोरे के शो को बंद करने की मांग भी की और इस पूरे मामले पर शर्म जताई।

PunjabKesari

आयशा खान बोलीं- क्या ₹370 खर्च करने से किसी पर हक मिल जाता है

अभिनेत्री आयशा खान ने भी इस मामले को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि वीडियो में मौजूद लोगों का इस बात पर हंसना और बाद में उस क्लिप को सोशल मीडिया पर पोस्ट करना बेहद चिंताजनक है। आयशा ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या किसी डेट पर कुछ पैसे खर्च कर देने से किसी महिला के शरीर पर अधिकार मिल जाता है? उन्होंने इस सोच को डरावना बताते हुए कहा कि समाज को ऐसे विचारों के खिलाफ खुलकर आवाज उठानी चाहिए।

ये भी पढ़ें:  पंकज भदौरिया को हुआ ब्रेस्ट कैंसर! महिलाओं से की अपील, ये 3 Test जरूर करवाएं

सुतापा सिकदर ने माफी स्वीकार करने से किया इनकार

इरफान खान की पत्नी सुतापा सिकदर ने भी प्रणित मोरे की माफी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सिर्फ माफी मांग लेने से समस्या खत्म नहीं हो जाती। उनके मुताबिक अगर ऐसे व्यवहार को बार-बार माफ किया जाता रहा तो समाज में कोई बदलाव नहीं आएगा। सुतापा ने कहा कि सार्वजनिक मंचों पर इस तरह की बातें मनोरंजन के नाम पर स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।

PunjabKesari

विवाद के बाद हिमांशु की गई नौकरी

विवाद बढ़ने के बाद जिस युवक का वीडियो वायरल हुआ था, उसे उसकी कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया। सोशल मीडिया पर लगातार हो रही आलोचना के बाद कंपनी ने आधिकारिक रूप से उसके खिलाफ कार्रवाई की। प्रणित मोरे ने मांगी माफी बढ़ते विवाद के बीच प्रणित मोरे ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें उस टिप्पणी को चुनौती देनी चाहिए थी, लेकिन वे उस समय हंसकर आगे बढ़ गए, जो उनकी गलती थी। उन्होंने कहा कि दर्शक की राय उनकी व्यक्तिगत सोच नहीं थी, लेकिन एक होस्ट के तौर पर उन्हें ज्यादा जिम्मेदारी दिखानी चाहिए थी। माफी जारी करने के कुछ समय बाद उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डीएक्टिवेट कर दिया।

सोशल मीडिया पर जारी है बहस

यह मामला अब केवल एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं रह गया है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार यह सवाल उठा रहे हैं कि मनोरंजन और कॉमेडी के नाम पर आखिर किस हद तक जाने की इजाजत होनी चाहिए। कई लोग इसे महिलाओं के प्रति गलत मानसिकता को बढ़ावा देने वाला कंटेंट मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग सार्वजनिक मंचों पर जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे हैं।
 

 PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static