PM पर इस Actor ने साधा निशाना, बोले- 'जो खुद अनपढ़ हैं, वो पढ़ाई की...
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 04:07 PM (IST)
नारी डेस्क : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने NEET-UG 2026 पेपर लीक और छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, शिक्षा व्यवस्था और दिल्ली पुलिस को लेकर कई विवादित टिप्पणियां कीं। शाह ने कहा कि छात्रों की मांग जायज है और उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए। वहीं, प्रधानमंत्री को लेकर दिए गए उनके बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
NEET-UG 2026 विवाद पर क्या बोले नसीरुद्दीन शाह?
नसीरुद्दीन शाह ने 'द प्रिंट' को दिए इंटरव्यू में कहा कि NEET-UG 2026 पेपर लीक के बाद देशभर में प्रदर्शन कर रहे छात्र अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनके मुताबिक, सरकार ने इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस पूरे मामले में सरकार के रवैये पर कोई हैरानी नहीं हुई। इंटरव्यू के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर पूछे गए सवाल पर नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री की बातों को गंभीरता से लेना मुश्किल लगता है। उन्होंने दावा किया कि जो व्यक्ति शिक्षा की अहमियत नहीं समझता, वह छात्रों को परीक्षा और पढ़ाई पर सलाह कैसे दे सकता है।
यें भी पढ़ें : कंधे का दर्द नहीं है मामूली! 2 हफ्तों से ज्यादा रहे तो तुरंत कराएं जांच
प्रधानमंत्री पर लगाए कई आरोप
नसीरुद्दीन शाह ने बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने कभी अपनी गलतियों की जिम्मेदारी नहीं ली। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री की शिक्षा, सार्वजनिक बयानों और प्रेस कॉन्फ्रेंस न करने को लेकर भी आलोचना की। शाह ने कई पुराने राजनीतिक और सार्वजनिक मुद्दों का भी जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा।
छात्रों का गुस्सा जायज है
एक्टर ने कहा कि देशभर में प्रदर्शन कर रहे छात्र किसी राजनीतिक फायदे के लिए नहीं, बल्कि अपने भविष्य के लिए आवाज उठा रहे हैं। उनके मुताबिक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत है और छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। नसीरुद्दीन शाह ने दावा किया कि स्कूलों में पढ़ाए जाने वाले पाठ्यक्रम को लेकर भी चिंता की जरूरत है। उनका कहना था कि अगर शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित होगी तो इसका असर आने वाली पीढ़ियों पर पड़ेगा। उन्होंने छात्रों की जागरूकता की तारीफ करते हुए कहा कि युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर पहले से ज्यादा सजग हैं।
यें भी पढ़ें : हार्ट अटैक की असली वजह: मीट-तेल नहीं, बल्कि 5 गलत आदतें जो नाइट्रिक ऑक्साइड घटाती हैं
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की आलोचना
20 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर भी नसीरुद्दीन शाह ने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ सख्ती बरती गई। उनका कहना था कि पुलिस का काम नागरिकों की सुरक्षा करना है और ऐसे मामलों में संयम बरतना चाहिए। इंटरव्यू में शाह ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया। उनका कहना था कि यदि छात्र जवाबदेही की मांग कर रहे हैं तो उनकी बात को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

