7 साल का इशांक रचेगा इतिहास, श्रीलंका से भारत तक तैरकर बनाएगा वर्ल्ड रिकॉर्ड

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 03:05 PM (IST)

नारी डेस्क:  झारखंड की राजधानी रांची का एक छोटा सा बच्चा अपने बड़े हौसले से सबको हैरान कर रहा है। सिर्फ 7 साल का इशांक अब ऐसा कारनामा करने जा रहा है, जिसे बड़े-बड़े तैराक भी चुनौती मानते हैं। वह श्रीलंका से भारत तक करीब 30 किलोमीटर समुद्र में तैरकर पार करने की तैयारी में जुटा है। इस मिशन का नाम रखा गया है 'मिशन समंदर', और उसका लक्ष्य गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराना है।

'मिशन समंदर' की पूरी योजना

इशांक का यह साहसिक सफर अप्रैल के आखिरी सप्ताह में शुरू होगा। वह 22 अप्रैल को रामेश्वरम के लिए रवाना होगा इसके बाद 30 अप्रैल को श्रीलंका के तलैमन्नार से तैराकी शुरू करेगा। वह करीब 30 किलोमीटर की दूरी तय करके धनुषकोडी (भारत) तक पहुंचेगा। इस दौरान उसकी पूरी टीम और परिवार उसके साथ रहेंगे। पहले सभी लोग बोट के जरिए श्रीलंका पहुंचेंगे और वहीं से इशांक अपना अभियान शुरू करेगा।

परिवार का पूरा साथ

इशांक की मां मनीषा बताती हैं कि तैराकी उसके बेटे की सबसे पसंदीदा गतिविधि है। वह ढाई साल की उम्र से ही तैराकी सीख रहा है। वहीं, उसके पिता सुनील इस पूरे सफर में उसके सबसे बड़े मार्गदर्शक हैं। सुनील का कहना है कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है और अगर वह वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लेता है, तो यह पूरे परिवार के लिए गर्व का पल होगा।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें:  35 की उम्र में शुरू करी UPSC की तैयारी, 40 में बनीं IAS, रच दिया इतिहास

रोजाना घंटों करता है कड़ी मेहनत

इतनी बड़ी चुनौती को पूरा करने के लिए इशांक रोजाना कड़ी मेहनत कर रहा है। वह रांची के धुर्वा डैम में रोजाना 4–5 घंटे अभ्यास करता है रोज लगभग 15 से 20 किलोमीटर तैरता है हफ्ते में एक दिन वह लगातार 8 घंटे तक प्रैक्टिस करता है। इस दौरान उसके साथ पूरी तैराकी टीम रहती है। उसके कोच अमन कुमार जायसवाल और बजरंग कुमार उसे खास ट्रेनिंग दे रहे हैं।

 पहले भी दिखा चुका है अपनी प्रतिभा

इशांक पहले भी कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुका है। 22 फरवरी को गेटवे ऑफ इंडिया इवेंट में उसने तीसरा स्थान हासिल किया
अरेबियन समुद्र में 1 किलोमीटर तैराकी में भी उसने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसके अलावा जिला और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी वह अपनी पहचान बना चुका है। सिर्फ खेल ही नहीं, पढ़ाई में भी इशांक अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।

ओपन वाटर स्विमिंग में भी लेगा हिस्सा

इशांक 11 अप्रैल को कोच्चि जाएगा, जहां वह पेरियार नदी में ओपन वाटर स्विमिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा। इस प्रतियोगिता में उम्र की कोई सीमा नहीं होती, जिससे यह और भी चुनौतीपूर्ण बन जाती है।

छोटी उम्र में इतना बड़ा सपना देखना और उसे पूरा करने के लिए इतनी मेहनत करना वाकई प्रेरणादायक है। रांची का यह नन्हा तैराक इशांक न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे देश का नाम रोशन करने की तैयारी में है। अब सभी की नजरें 30 अप्रैल पर टिकी हैं, जब वह समुद्र को चुनौती देकर इतिहास रचने निकलेगा।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static