World Earth Day 2026: क्यों खास है अर्थ डे? जानिए इतिहास

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 10:34 AM (IST)

नारी डेस्क: हर साल 22 अप्रैल को मनाया जाने वाला अर्थ डे सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि हमारी धरती के प्रति जिम्मेदारी याद दिलाने का दिन है। इसे इंटरनेशनल मदर अर्थ डे भी कहा जाता है। इस दिन का मकसद साफ है लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने स्तर पर बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना। चालिए आपको आज बताते हैं कि कैसे हुई इस आंदोलन की शुरआत इस आर्टिकल में..... 

कैसे हुई इस आंदोलन की शुरुआत?

अर्थ डे की कहानी अचानक शुरू नहीं हुई। इसकी नींव 1962 में तब पड़ी, जब रेचल कार्सन की चर्चित किताब Silent Spring सामने आई। इस किताब ने प्रदूषण के खतरों को उजागर किया और लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद 1969 में अमेरिका में एक बड़े तेल रिसाव ने हालात की गंभीरता को और सामने ला दिया। इसी घटना से प्रेरित होकर अमेरिकी सीनेटर गेइलॉर्ड नेल्सन ने पर्यावरण के लिए एक बड़े जनआंदोलन की योजना बनाई। 22 अप्रैल 1970 को पहली बार अर्थ डे मनाया गया, जिसमें करीब 2 करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया। यही वो दिन था, जब पर्यावरण संरक्षण एक आम मुद्दे से निकलकर वैश्विक आंदोलन बन गया।

अर्थ डे 2026 की थीम क्या है?

इस साल की थीम है “Our Power, Our Planet” यानी “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह”। यह थीम एक मजबूत संदेश देती है कि बदलाव की शुरुआत किसी बड़े कदम से नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के छोटे प्रयासों से होती है। साफ ऊर्जा अपनाना, समुदाय के साथ मिलकर काम करना और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना यही इसका मूल फोकस है।

आज के समय में अर्थ डे क्यों और भी जरूरी हो गया है?

आज दुनिया जलवायु परिवर्तन, जंगलों की अंधाधुंध कटाई, पानी की कमी और जैव विविधता के नुकसान जैसी समस्याओं से जूझ रही है। मौसम के बदलते पैटर्न और बढ़ते प्रदूषण ने साफ संकेत दे दिया है कि अब सिर्फ बातें करने का समय नहीं, बल्कि कार्रवाई का वक्त है। अर्थ डे हमें यह एहसास दिलाता है कि अगर हर व्यक्ति अपनी आदतों में थोड़ा बदलाव लाए, तो उसका असर बहुत बड़ा हो सकता है।

आप अपने स्तर पर क्या कर सकते हैं?

पर्यावरण की रक्षा सिर्फ सरकार या बड़ी संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें हर किसी की भूमिका है।  कम करें, दोबारा इस्तेमाल करें, रीसायकल करें घर में बेवजह चीजें खरीदने से बचें, प्लास्टिक का उपयोग कम करें और कचरे को अलग-अलग करके रीसायकल करें। पेड़ लगाना बनाएं आदत पेड़ सिर्फ हरियाली नहीं बढ़ाते, बल्कि हवा को भी साफ करते हैं। आसपास पौधे लगाना एक छोटा लेकिन असरदार कदम है।

पानी और ऊर्जा की बचत करें

नल खुला छोड़ने से बचें, बिजली का उपयोग जरूरत के अनुसार करें और जहां संभव हो सोलर जैसे विकल्प अपनाएं। छोटी दूरी के लिए पैदल चलना या साइकिल का इस्तेमाल करना न सिर्फ सेहत के लिए अच्छा है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी फायदेमंद है।

जागरूकता फैलाना भी जरूरी है

सोशल मीडिया, स्कूल या समाज में पर्यावरण से जुड़ी जानकारी साझा करना भी एक बड़ी जिम्मेदारी है। अर्थ डे हमें यह सिखाता है कि बदलाव किसी एक दिन का काम नहीं, बल्कि रोज की आदतों से आता है। अगर हम सभी मिलकर छोटे-छोटे कदम उठाएं, तो आने वाली पीढ़ियों को एक साफ, सुरक्षित और हरा-भरा ग्रह दे सकते हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static