World Hypertension Day: हाई ब्लड प्रेशर को कैसे करें मैनेज? लाइफस्टाइल में करने होंगे ये changes
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 12:48 PM (IST)
नारी डेस्क: हाई ब्लड प्रेशर या हाइपरटेंशन को अक्सर “साइलेंट किलर” कहा जाता है, क्योंकि यह बिना किसी साफ संकेत के धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाता रहता है। ज्यादातर लोग तब तक इसके बारे में नहीं जान पाते, जब तक यह दिल की बीमारी, स्ट्रोक या कार्डियक अरेस्ट जैसी गंभीर स्थिति का कारण नहीं बन जाता। 'World Hypertension Day' के मौके पर यह समझना और भी जरूरी हो जाता है कि आखिर हाई बीपी हमारे दिल को कैसे प्रभावित करता है और समय रहते इसे कंट्रोल करना क्यों बेहद जरूरी है। बता दे कि हर साल 17 मई को 'वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे' मनाया जाता है, इसका मकसद इस बीमारी को लेकर लोगों में जागरूकता पैदा करना है। सही लाइफस्टाइल और कुछ जरूरी बदलावों के जरिए इस खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
हाई ब्लड प्रेशर क्यों है खतरनाक?
हाई बीपी सीधे तौर पर दिल और ब्लड वेसल्स पर असर डालता है। लंबे समय तक अनकंट्रोल रहने पर यह धमनियों को सख्त कर सकता है और दिल पर दबाव बढ़ा देता है। इससे हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी से जुड़ी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। डॉक्टरों के मुताबिक, यह बीमारी धीरे-धीरे शरीर को अंदर ही अंदर कमजोर करती है, इसलिए इसे समय पर पहचानना और मैनेज करना बेहद जरूरी है।

कितना होना चाहिए नॉर्मल ब्लड प्रेशर?
आमतौर पर 120 mmHg से नीचे का ब्लड प्रेशर सामान्य माना जाता है। अगर यह लगातार 130 mmHg या उससे ऊपर रहता है, तो इसे हाई ब्लड प्रेशर की श्रेणी में रखा जाता है। हालांकि हर व्यक्ति की उम्र और स्वास्थ्य स्थिति के हिसाब से यह रेंज थोड़ा अलग हो सकती है, इसलिए नियमित जांच कराना जरूरी माना जाता है।
ये भी पढ़ें: पांच सर्जरी के बाद फिर लौटा कैंसर, पत्नी की हिम्मत देख भावुक हुए 'द फैमिली मैन' के शारिब हाशमी
क्या कहती हैं हेल्थ गाइडलाइंस?
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, हाइपरटेंशन का कोई स्थायी इलाज नहीं है, लेकिन इसे कंट्रोल किया जा सकता है। सही दवाइयों और लाइफस्टाइल में बदलाव करके हार्ट डिजीज, स्ट्रोक और किडनी डिजीज के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसका मतलब है कि मरीज अगर नियमित इलाज और हेल्दी आदतों को अपनाए, तो वह सामान्य जीवन जी सकता है।

कैसे करें हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल?
हाइपरटेंशन को मैनेज करने के लिए रोजमर्रा की जिंदगी में कुछ जरूरी बदलाव करने पड़ते हैं। सबसे पहले खाने में नमक की मात्रा कम करनी चाहिए और बैलेंस्ड डाइट को अपनाना चाहिए। शराब और स्मोकिंग से दूरी बनाना बेहद जरूरी है, क्योंकि ये दोनों ब्लड प्रेशर को तेजी से बढ़ा सकते हैं। इसके साथ ही नियमित एक्सरसाइज या फिजिकल एक्टिविटी को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
तनाव और वजन पर भी रखें Control
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्ट्रेस भी हाई ब्लड प्रेशर का बड़ा कारण बनता जा रहा है। ऐसे में तनाव को मैनेज करना और पर्याप्त आराम लेना जरूरी है। इसके अलावा शरीर का वजन कंट्रोल में रखना भी उतना ही जरूरी है, क्योंकि ज्यादा वजन होने से दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जो बीपी को बढ़ा सकता है। अगर डॉक्टर ने दवाइयां दी हैं तो उन्हें नियमित रूप से लेना बहुत जरूरी है। कई लोग बीच में दवा छोड़ देते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।

