‘पहले सुशांत चला गया और अब प्रिया मराठे का कैंसर से निधन, पवित्र रिश्ता की को-स्टार ने जताया गहरा दुख

punjabkesari.in Monday, Sep 01, 2025 - 10:40 AM (IST)

नारी डेस्क:  टीवी इंडस्ट्री में एक दुखद खबर आई है। मशहूर टीवी एक्ट्रेस प्रिया मराठे का कैंसर के चलते निधन हो गया है। प्रिया के निधन से उनके परिवार, दोस्तों और फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रिया मराठे ने हिंदी और मराठी दोनों इंडस्ट्रीज में अपनी खास पहचान बनाई थी और कॉमेडी शो ‘कॉमेडी सर्कस’ में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा दिखाई थी।

प्रिया मराठे के निधन पर को-स्टार उषा नाडकर्णी का भावुक रिएक्शन

पवित्र रिश्ता टीवी सीरियल की को-स्टार उषा नाडकर्णी ने प्रिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। एक हालिया इंटरव्यू में उषा ने कहा, "प्रिया की उम्र अभी इतनी कम थी, उन्हें अभी अपने परिवार को शुरू करना था, बच्चों की परवरिश करनी थी। लेकिन कैंसर ने उनकी जिंदगी को जल्दी ही खत्म कर दिया। उनके बाल भी इलाज के दौरान झड़ गए थे, और जब मैं उनसे मिलने गई तो उन्होंने मना कर दिया क्योंकि उन्हें लग रहा था कि अब वे अच्छी नहीं दिखतीं।"

उषा ने आगे कहा, "पहले हमें छोड़कर सुशांत सिंह राजपूत चले गए और अब प्रिया भी हमारे बीच नहीं रहीं। भगवान दोनों की आत्मा को शांति दें। पवित्र रिश्ता के सेट पर हमने बहुत वक्त साथ बिताया, जहां माहौल एकदम घर जैसा होता था। प्रिया हमेशा सबके साथ समझदारी से पेश आती थीं और कभी किसी से बदतमीजी नहीं की।"

प्रिया मराठे का करियर और जद्दोजहद

प्रिया मराठे ने टीवी इंडस्ट्री में अपने अभिनय का जादू बिखेरा। उन्होंने गंभीर भूमिका निभाने के साथ-साथ कॉमेडी में भी अपना लोहा मनवाया। हालांकि, वे कुछ सालों से बीमारी के कारण इंडस्ट्री से दूर थीं और इलाज करवा रही थीं। उनकी इस बीमारी से लड़ाई में अंततः उन्हें हार माननी पड़ी।

उनके अचानक निधन से टीवी इंडस्ट्री के साथ-साथ उनके चाहने वाले भी गहरे सदमे में हैं। प्रिया मराठे हमेशा अपने काम, विनम्रता और मुस्कान के लिए याद की जाएंगी।

हम भी प्रिया मराठे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।
  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static