स्वतंत्रता दिवस के दिन दिल्ली में हुआ हादसा, हुमायूं के मकबरे की दिवार दहने से दबे कई लोग
punjabkesari.in Friday, Aug 15, 2025 - 06:33 PM (IST)

नारी डेस्क: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली में बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में शुक्रवार दोपहर करीब 4:30 बजे हुमायूं के मकबरा के पीछे दरगाह फतेह अली शाह की दीवार गिर गई। इस हादसे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। अब तक मलबे से मलबे से कुल 10 से 12 लोगों को बचाया गया।
बचाव अभियान जारी है
घटना के बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS), दिल्ली पुलिस, NDRF और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) सहित कई बचाव एजेंसियों को काम पर लगाया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया- "थाना प्रभारी और स्थानीय कर्मचारी पांच मिनट के भीतर वहां पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। कुछ देर बाद, दमकल कर्मी और CATS एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गईं। NDRF भी बचाव कार्य में शामिल हो गया।" उन्होंने आगे बताया कि बचाव अभियान अभी भी जारी है।
11 लोगों को निकाला गया बाहर
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह घटना 16वीं सदी के इस स्मारक के मुख्य गुंबद से नहीं, बल्कि परिसर के एक छोटे से कमरे से जुड़ी थी। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल, हुमायूं का मकबरा, राष्ट्रीय राजधानी का एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण है और इसे देखने प्रतिदिन सैकड़ों देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मलबे में आठ से नौ लोगों के दबे होने की आशंका थी, लेकिन बाद में बचाव कार्यों में कम से कम 11 लोगों को बाहर निकाला गया।
बारिश के कारण हुआ हादसा
अधिकारियों ने कहा कि जिस जगह पर यह हादसा हुआ, वह केंद्रीय मकबरे का नहीं, बल्कि बाहरी संरचना का हिस्सा था। ढहने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि हाल ही में हुई बारिश के कारण संरचना कमज़ोर हो गई थी। हुमायूं का मकबरा परिसर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और आगा खान ट्रस्ट फॉर कल्चर के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी का स्थल रहा है। दिल्ली यातायात पुलिस को अस्पतालों के लिए रास्ता साफ़ रखने के लिए कहा गया ताकि एम्बुलेंस समय पर अस्पताल पहुंच सकें।