रैपर ने नेपाल में लहराया भारतीय तिरंगा, सोशल मीडिया पर मची सनसनी-आलोचना पर दिया जवाब कहा...
punjabkesari.in Tuesday, Nov 18, 2025 - 11:07 AM (IST)
नारी डेस्क : पाकिस्तानी रैपर तल्हा अंजुम इन दिनों सुर्खियों में हैं। वजह है उनका नेपाल में किया गया एक ऐसा कदम जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी। अपने कॉन्सर्ट के दौरान तल्हा ने भारतीय तिरंगा उठाकर मंच पर लहराया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब चर्चा हो रही है।
कॉन्सर्ट में फैन से तिरंगा लेकर लहराया
नेपाल में हुए शो के दौरान 30 साल के तल्हा अंजुम परफॉर्म कर रहे थे। इसी बीच भीड़ में मौजूद एक फैन ने उन्हें भारतीय तिरंगा थमाया। तल्हा ने झंडा लेने में हिचकिचाहट नहीं दिखाई। उन्होंने इसे सिर के ऊपर लहराया और फिर अपने कंधे पर डालकर पूरे आत्मविश्वास के साथ गाना जारी रखा। यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया।
Talha Anjum carried an INDIAN flag at his recent show pic.twitter.com/xBnKOt8wk7
— INNOCENT EVIL ⁶𓅓 (@raju_innocentev) November 16, 2025
लोगों के मिले-जुले रिएक्शन
तल्हा की इस हरकत पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया है। कई लोग इसे साउथ एशियाई एकता का संदेश बताते हुए उनकी तारीफ कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग, खासकर पाकिस्तान में, इसे “सीमा पार करने” जैसा बताते हुए उनकी आलोचना कर रहे हैं। कुछ कट्टरपंथी यूज़र्स ने तो तल्हा को सोशल मीडिया पर जमकर निशाना भी बनाया।
आलोचना पर तल्हा का दो टूक जवाब – “मैं फिर करूंगा”
विवाद बढ़ने के बाद तल्हा अंजुम ने X (ट्विटर) पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर आलोचकों को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय तिरंगा लहराना उनके लिए मानवता की अभिव्यक्ति थी, न कि किसी तरह का राजनीतिक कदम। उन्होंने लिखा “मेरे दिल में नफरत के लिए जगह नहीं है। मेरी कला की कोई सीमा नहीं है। अगर भारतीय झंडा उठाने से विवाद होता है, तो होने दो। मैं इसे दोबारा करूंगा। मीडिया, जंग की राजनीति या गलत प्रचार की मुझे परवाह नहीं। उर्दू रैप हमेशा सीमाहीन था और रहेगा।” उनकी इस प्रतिक्रिया को भी सोशल मीडिया पर काफी सपोर्ट और आलोचना दोनों मिले।

तल्हा अंजुम कौन हैं?
तल्हा अंजुम पाकिस्तान के मशहूर हिप-हॉप आर्टिस्ट हैं। उनका जन्म कराची में हुआ। साल 2012 में उन्होंने रैपर तल्हा यूनुस के साथ मिलकर यंग स्टनर्स नाम की उर्दू रैप जोड़ी बनाई। इस ग्रुप ने पाकिस्तान ही नहीं, भारत सहित पूरे साउथ एशिया में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। अपने गानों, रैप स्टाइल और वोकल फ्लो के कारण तल्हा युवाओं में काफी लोकप्रिय हैं। उन्हें इंस्टाग्राम पर 3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स फॉलो करते हैं।
Talha Anjum carried an INDIAN flag at his recent show pic.twitter.com/xBnKOt8wk7
— INNOCENT EVIL ⁶𓅓 (@raju_innocentev) November 16, 2025
एक्टर भी हैं तल्हा
सिर्फ संगीत ही नहीं, तल्हा ने एक्टिंग में भी हाथ आज़माया है। साल 2024 में वह किन्जा हाशमी और इमरान अशरफ के साथ पाकिस्तानी ड्रामा ‘कटार कराची’ में नजर आए थे, जिससे उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई।
तिरंगा लहराने वाला पल बना चर्चा का विषय
तल्हा अंजुम का यह कदम भले ही विवादों में घिर गया हो, लेकिन इससे यह जरूर दिखा कि कला की दुनिया में सीमाएँ अक्सर छोटी पड़ जाती हैं। उनका कहना है कि संगीत और इंसानियत को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए और यही संदेश उनका तिरंगा लहराने वाला पल भी देता है।

