अपनों से ही मुंह मोड़ गया पाकिस्तान! वाघा बॉर्डर पर लगा 'देश वापसी मना है' का ताला
punjabkesari.in Sunday, May 04, 2025 - 02:53 PM (IST)

नारी डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक हैरान कर देने वाली स्थिति सामने आई है। पाकिस्तान ने अपने ही नागरिकों की देश में एंट्री पर रोक लगाते हुए वाघा बॉर्डर को पूरी तरह से बंद कर दिया है। गुरुवार (1 मई 2025) को एक भी पाकिस्तानी नागरिक को बॉर्डर पार कर पाकिस्तान में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद तनाव चरम पर
यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में भारी तनाव देखा जा रहा है। भारत ने 1 मई से अटारी बॉर्डर को बंद करने का निर्णय लिया था, लेकिन मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को अपने देश लौटने की छूट दी है। हालांकि पाकिस्तान का रवैया बिल्कुल विपरीत है।
भारत ने दिखाई नरमी, पाकिस्तान ने ठुकराया मौका
भारत ने साफ तौर पर कहा है कि पाकिस्तान के जो नागरिक भारत में फंसे हुए हैं, वे वैध यात्रा दस्तावेजों के साथ जब तक नया आदेश नहीं आता, तब तक अपने देश लौट सकते हैं। लेकिन पाकिस्तान सरकार ने गुरुवार से वाघा बॉर्डर बंद कर दिया और किसी भी नागरिक को अंदर आने की अनुमति नहीं दी। इससे उन लोगों में मायूसी फैल गई जो भारत से अपने देश लौटना चाहते थे।
अब तक कितने पाकिस्तानी लौटे अपने देश?
भारत सरकार के निर्देश के बाद अब तक 929 पाकिस्तानी नागरिक भारत से वाघा बॉर्डर के जरिए पाकिस्तान लौट चुके हैं। इनमें-
24 अप्रैल को – 28 नागरिक
25 अप्रैल को – 191 नागरिक
26 अप्रैल को – 81 नागरिक
27 अप्रैल को – 237 नागरिक
28 अप्रैल को – 145 नागरिक
29 अप्रैल को – 104 नागरिक
30 अप्रैल को – 140 नागरिक शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: कश्मीर, कश्मीरियों का है... भारत अलग है' – कश्मीरी महिलाओं के बयान से मचा बवाल, वीडियो वायरल
भारत के फैसलों से घबराया पाकिस्तान
भारत ने पहलगाम हमले के बाद कई कड़े कदम उठाए हैं। इसमें पाकिस्तानी विमानों के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र को बंद करना, सिंधु जल संधि को निलंबित करना, राजनयिक रिश्तों को सीमित करना और अटारी बॉर्डर पर आवाजाही को रोकना शामिल है। इन कदमों से पाकिस्तान में हड़कंप मचा है और वहां की सरकार अब अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र के सामने गुहार लगाने में जुट गई है।
भारत के इस कड़े रुख के बाद पाकिस्तान की एयरलाइंस को बड़ा झटका लगा है क्योंकि उन्हें अब सिंगापुर, मलेशिया और पूर्वी एशिया की उड़ानों के लिए भारत के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं करने दिया जाएगा। भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब पाकिस्तानी पंजीकृत, संचालित या पट्टे पर लिए गए किसी भी विमान को भारतीय आसमान में उड़ान भरने की इजाज़त नहीं दी जाएगी।
क्या आगे और बढ़ेगा तनाव?
जिस तरह से हालात बदल रहे हैं, उससे यह साफ हो रहा है कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी नरमी के मूड में नहीं है। पाकिस्तान के इस रुख से उसके अपने ही नागरिकों को सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है, जो अब अपनी ही सरहद में दाखिल नहीं हो पा रहे हैं।