धोनी ने 2 साल बाद की सोशल मीडिया पर वापसी,  टीम इंडिया के कोच गंभीर को लेकर कही ये बात

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 12:34 PM (IST)

नारी डेस्क:   भारत की इतिहास रचने वाली टी20 विश्व कप जीत ने लगभग दो साल बाद महान क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को सोशल मीडिया पर फिर से सक्रिय कर दिया और उन्होंने इस मौके का फायदा उठाते हुए मुख्य कोच गौतम गंभीर को बताया कि उनके गंभीर चेहरे पर मुस्कान कितनी अच्छी लगती है। धोनी ने इंस्टाग्राम पर पिछला पोस्ट 2024 में किया था।

PunjabKesari
धोनी ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल देखने के बाद पोस्ट किया- ''अहमदाबाद में इतिहास बना, टीम और सहयोगी स्टाफ तथा दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी प्रशंसकों को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते हुए देखकर बहुत खुशी हुई।'' फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से रौंदकर तीसरी बार खिताब जीता और ऐसा करने वाली पहली टीम बनी। उन्होंने मुख्य कोच के अधिकतर गंभीर अंदाज में रहने का जिक्र करते हुए मजाक में कहा-''कोच साहब आपकी मुस्कान बहुत अच्छी लग रही है। मुस्कुराहट के साथ जज्बा शानदार है, बहुत अच्छा किया। दोस्तों मजे करो...बुमराह के बारे में कुछ नहीं लिखूं तो ही अच्छा है। चैंपियन गेंदबाज।'' 

PunjabKesari
रविवार रात सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों संजू सैमसन, इशान किशन और अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक जड़कर भारत को पांच विकेट पर 255 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद बुमराह ने 15 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि अक्षर पटेल ने भी तीन विकेट हासिल करके भारत को आसान जीत दिलाने में मदद की। धोनी भारत के पहले टी20 विश्व कप विजेता कप्तान हैं। उनकी अगुआई में भारत ने 2007 में पहला टूर्नामेंट जीता था। इसके बाद रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने 2024 में दूसरा खिताब जीता। रोहित भी रविवार को फाइनल के लिए स्टेडियम में मौजूद थे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static