200 में से सिर्फ 7 को मिली जगह... कौन हैं ये अद्भुत अजूबे? आखिरी नाम सबसे प्यारा

punjabkesari.in Thursday, Jul 10, 2025 - 03:30 PM (IST)

नारी डेस्क:  7 जुलाई 2007 को एक ऐतिहासिक दिन के रूप में याद किया जाता है, जब दुनिया के 7 नए अजूबों की घोषणा की गई थी। यह घोषणा "New7Wonders Foundation" द्वारा की गई थी। इस मुहिम की शुरुआत साल 2001 में हुई थी और इसमें दुनिया भर के लोगों से वोटिंग के ज़रिए उनके पसंदीदा ऐतिहासिक स्थलों को चुनने के लिए कहा गया। शुरुआत में 200 से ज्यादा स्मारकों को सूची में शामिल किया गया था, लेकिन जनता की पसंद से सिर्फ 7 अजूबों का चयन किया गया। इन सातों अजूबों में भारत का ताजमहल भी शामिल हुआ, जो हम भारतीयों के लिए गर्व की बात है।

चीन की दीवार (Great Wall of China)

चीन की दीवार दुनिया की सबसे लंबी दीवार मानी जाती है, जिसकी लंबाई लगभग 6500 किलोमीटर है। यह दीवार करीब 35 फीट ऊंची है और इसका निर्माण कार्य 5वीं सदी ईसा पूर्व से लेकर 16वीं सदी तक चला। इस दीवार का निर्माण मुख्य रूप से चीन को बाहरी आक्रमणों से बचाने के लिए किया गया था। यह आज भी वास्तुकला और मेहनत का एक अद्भुत उदाहरण है।

PunjabKesari

पेट्रा (Petra) – जॉर्डन

पेट्रा पश्चिमी एशिया के जॉर्डन देश में स्थित एक प्राचीन शहर है। यह शहर लाल बलुआ पत्थरों को काटकर बनाया गया है, जिससे इसकी इमारतें बेहद आकर्षक और अनोखी लगती हैं। यहां एक विशाल मंदिर, ओपन स्टेडियम, नहरें और तालाब भी हैं। इसकी दीवारों पर की गई बारीक नक्काशी इसकी खास पहचान है। यह शहर एक समय में व्यापार का प्रमुख केंद्र था।

क्राइस्ट द रिडीमर (Christ the Redeemer) – ब्राजील

क्राइस्ट द रिडीमर ब्राजील के रियो डी जेनेरो शहर में स्थित ईसा मसीह की एक विशाल प्रतिमा है। यह प्रतिमा कार्कोवैडो पर्वत की चोटी पर बनी हुई है और इसकी ऊंचाई लगभग 32 मीटर (105 फीट) है। इसका वजन करीब 700 टन है। इसका निर्माण कार्य 1922 से 1931 के बीच पूरा हुआ था। यह प्रतिमा ब्राजील की पहचान बन चुकी है और इसे देखने लाखों पर्यटक आते हैं।

ये भी पढ़ें: इन राज्यों में रहने वालों को सबसे ज्यादा होता है कैंसर, कहीं आपका राज्य तो शामिल लिस्ट में नहीं?

 माचू पिचू (Machu Picchu) – पेरू

माचू पिचू दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में स्थित एक ऐतिहासिक शहर है, जो समुद्र तल से 2430 मीटर की ऊंचाई पर बना है। इसे 15वीं शताब्दी में इंका सभ्यता ने बनवाया था। यह एक पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है और इसे खोया हुआ शहर भी कहा जाता है। इसकी वास्तुकला और प्राकृतिक सुंदरता देखने लायक है।

PunjabKesari

 चिचेन इट्जा (Chichen Itza) – मेक्सिको

चिचेन इट्जा मेक्सिको में स्थित एक प्राचीन स्थल है, जो माया सभ्यता का हिस्सा रहा है। यहां बना कुकुल्कन का पिरामिड इसकी सबसे खास पहचान है, जिसकी ऊंचाई करीब 79 फीट है। इस पिरामिड की खास बात यह है कि इसकी संरचना साल के 365 दिनों को दर्शाती है। इसके अलावा यहां कई मंदिर, हॉल और खेल के मैदान भी बने हुए हैं।

कोलोसियम (Colosseum) – रोम, इटली

कोलोसियम इटली की राजधानी रोम में स्थित एक ऐतिहासिक स्टेडियम जैसा ढांचा है। इसका निर्माण सम्राट वेस्पासियन के शासनकाल में 72 ई. से 80 ई. के बीच किया गया था। यह पत्थर और कंक्रीट से बना है और इसका उपयोग प्राचीन काल में ग्लैडिएटरों की लड़ाइयों और विभिन्न मनोरंजन कार्यक्रमों के लिए किया जाता था। यह आज भी रोम की सबसे प्रसिद्ध पहचान है।

PunjabKesari

 ताजमहल (Taj Mahal) – भारत

ताजमहल भारत के उत्तर प्रदेश राज्य के आगरा शहर में स्थित है। इसे मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की याद में बनवाया था। इसे प्रेम की सबसे खूबसूरत निशानी माना जाता है। यह शानदार स्मारक सफेद संगमरमर से बना है और इसका निर्माण कार्य 1628 से 1658 के बीच पूरा हुआ था। इसकी खूबसूरती और इतिहास के कारण इसे 7 जुलाई 2007 को दुनिया के नए 7 अजूबों में 7वां स्थान दिया गया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static