आखिर क्या है ये ‘हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम’? जिसके लिए Deepika को देने होंगे ₹73 लाख

punjabkesari.in Friday, Jul 04, 2025 - 12:53 PM (IST)

नारी डेस्क: दीपिका पादुकोण ने एक बार फिर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है। उन्होंने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। दीपिका अब हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम में नाम दर्ज करवाने वाली भारत की पहली महिला कलाकार बन गई हैं। यह सम्मान उन्हें बुधवार को हॉलीवुड में आयोजित एक खास समारोह में दिया गया। दीपिका को वेस्ट में 'XXX: द रिटर्न ऑफ ज़ेंडर केज' जैसी फिल्मों में काम करने के लिए जाना जाता है। हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम एक ऐसा स्थान है, जहां दुनिया भर के मशहूर कलाकारों को उनकी कला और योगदान के लिए सम्मानित किया जाता है। यह एक खास फुटपाथ है जो लॉस एंजेलिस की हॉलीवुड बुलेवार्ड पर बना हुआ है। यहां हर स्टार एक प्रसिद्ध शख्सियत को समर्पित होता है। अब तक इस वॉक ऑफ फेम में 2700 से अधिक कलाकारों के नाम शामिल किए जा चुके हैं। इस वॉक ऑफ फेम में नाम दर्ज होना किसी भी कलाकार के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। यह सिर्फ शोहरत नहीं बल्कि कलात्मक योगदान और प्रभाव का प्रतीक होता है।

क्या वाकई पैसे देकर मिलता है वॉक ऑफ फेम में नाम?

अक्सर यह धारणा रहती है कि हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम में नाम दर्ज कराने के लिए पैसा देना पड़ता है। लेकिन हकीकत थोड़ी अलग है। हर साल एक सेलेक्शन कमेटी होती है जो दुनियाभर के कलाकारों के नामों पर विचार करती है। उन्हें उनके योगदान के आधार पर नामित किया जाता है। जब किसी कलाकार का नाम चयनित होता है तो उस कलाकार को एक फीस देनी होती है, लेकिन यह फीस वॉक ऑफ फेम में नाम खरीदने के लिए नहीं होती। यह रकम स्टार की डिजाइनिंग, इंस्टॉलेशन और मेंटेनेंस के लिए होती है।

PunjabKesari

क्यों चुकाने पड़ते हैं करीब 73 लाख रुपये?

जब किसी कलाकार का नाम वॉक ऑफ फेम के लिए चुन लिया जाता है, तो बाद में 85,000 डॉलर (लगभग ₹73 लाख रुपये) की एक रकम देनी होती है। यह रकम उस स्टार को जमीन पर लगाने, उसकी देखभाल और बाकी तकनीकी कामों में खर्च की जाती है। इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि कोई सिर्फ पैसे देकर वॉक ऑफ फेम में नाम दर्ज करवा सकता है। ये एक सख्त चयन प्रक्रिया के बाद ही होता है।

ये भी पढ़े: हर महीने 250 रुपये जमा करके अपनी बेटी को बनाएं 'लखपति', यहां जानें पूरी जानकारी

दीपिका के साथ 2026 की वॉक ऑफ फेम लिस्ट में शामिल हैं ये दिग्गज

2026 की हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम क्लास में दीपिका पादुकोण के साथ कई बड़े अंतरराष्ट्रीय नाम भी शामिल किए गए हैं। इनमें शामिल हैं एमिली ब्लंट, टिमोथी चालमेट, मैरियन कोटियार्ड, स्टेनली टुच्ची, रामी मालेक, डेमी मूर, रैचेल मैकएडम्स।  इन कलाकारों को फिल्म, टीवी, म्यूजिक और थिएटर के क्षेत्र में दिए गए योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया है।

PunjabKesari

हर साल आते हैं सैकड़ों नामांकन

हर साल हॉलीवुड चैंबर ऑफ कॉमर्स को लगभग 200 से 300 नामांकन मिलते हैं। ये नामांकन दुनियाभर से होते हैं और सभी कलाकारों को उनके पॉपुलर कल्चर में योगदान के आधार पर देखा जाता है। इनमें से केवल कुछ ही लोगों को इस खास सम्मान के लिए चुना जाता है।

दीपिका पादुकोण का हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम में नाम शामिल होना न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व की बात है। वे भारतीय सिनेमा का चेहरा बनकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उनकी यह उपलब्धि उन सभी भारतीय कलाकारों के लिए प्रेरणा है, जो ग्लोबल स्तर पर अपने टैलेंट से पहचान बनाना चाहते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

PRARTHNA SHARMA

Related News

static