मामूली छाले समझकर कहीं कैंसर को तो नहीं कर रहे इग्नोर? मुंह के इन बदलावाें पर रखो नजर

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 02:11 PM (IST)

नारी डेस्क:  मुंह में होने वाले छोटे-से दिखने वाले बदलाव कई बार गंभीर बीमारी का संकेत हो सकते हैं। डॉक्टरों के अनुसार कैंसर की शुरुआत साधारण मुंह के छालों या सफेद धब्बों (White Patches) से भी हो सकती है, इसलिए इन्हें नज़रअंदाज़ करना खतरनाक हो सकता है।   मुंह में होने वाले कैंसर को कभी-कभी ओरल कैंसर या ओरल कैविटी कैंसर भी कहा जाता है। मुंह का कैंसर कई तरह के कैंसर में से एक है, जिन्हें सिर और गर्दन के कैंसर के प्रकार माना जाता है। 

PunjabKesari
मुंह में दिखने वाले ये बदलाव हैं खतरनाक 

लंबे समय तक न भरने वाले छाले: अगर मुंह का छाला 2–3 हफ्तों में ठीक न हो, बार-बार उसी जगह छाला होना यह ओरल कैंसर का शुरुआती लक्षण हो सकता है

 सफेद या लाल धब्बे: जीभ, गाल के अंदर या मसूड़ों पर बिना दर्द के सफेद/लाल पैच होना,ये आगे चलकर कैंसर में बदल सकते हैं

मुंह में गांठ या सूजन: गांठ या सूजन धीरे-धीरे बढ़ती जाए, छूने पर सख्त महसूस हो। इसमें दर्द हो या न हो लेकिन जांच जरूरी है। 

 निगलने या बोलने में दिक्कत: गले में अटकने जैसा महसूस होना, आवाज़ में बदलाव, जबड़ा ठीक से न खुल पाना भी खतरे की निशानी है। 

PunjabKesari

सबसे बड़े रिस्क फैक्टर


भारत में ओरल कैंसर के मामले ज़्यादातर तंबाकू, गुटखा, खैनी, सिगरेट, शराब और खराब ओरल हाइजीन से बढ़ते हैं।  अगर मुंह का कोई भी घाव या धब्बा 2 हफ्ते से ज्यादा रहे, बार-बार खून आता रहे, वजन तेजी से गिरने लगे, लगातार दर्द या जलन हो तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। 


बचाव के आसान उपाय

-तंबाकू और शराब से दूरी

-रोज़ाना सही तरीके से ब्रश और कुल्ला

-साल में कम से कम एक बार डेंटल चेकअप

-मुंह में बदलाव दिखे तो तुरंत जांच


कैंसर हमेशा दर्द या बड़ी समस्या से शुरू नहीं होता। कई बार यह मुंह के मामूली छाले या सफेद धब्बों से संकेत देता है। समय पर पहचान और इलाज से जान बचाई जा सकती है—इसलिए मुंह में होने वाले बदलावों को कभी नजरअंदाज न करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static