बिना सोचे-समझे कच्चा लहसुन खाते हैं तो हो जाएं सावधान, जानें इसके नुकसान

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 12:43 PM (IST)

नारी डेस्क : कच्चा लहसुन सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन हर किसी के लिए और हर स्थिति में इसका सेवन सुरक्षित नहीं होता। खासतौर पर खाली पेट कच्चा लहसुन खाना कई लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, जरूरत से ज्यादा या गलत तरीके से लहसुन खाने से शरीर को नुकसान भी हो सकता है। खाली पेट कच्चा लहसुन खाने से हो सकती हैं ये समस्याएं।

पाचन से जुड़ी दिक्कतें

खाली पेट कच्चा लहसुन खाने से पाचन से जुड़ी कई दिक्कतें हो सकती हैं, जैसे गैस बनना, एसिडिटी, पेट दर्द, जलन और सूजन। लहसुन में मौजूद एलिसिन और फ्रक्टन्स पाचन तंत्र को उत्तेजित कर देते हैं, जिससे पेट में अम्लता बढ़ जाती है। खासतौर पर जिन लोगों का पेट संवेदनशील होता है या जिन्हें पहले से गैस, एसिड रिफ्लक्स या पाचन संबंधी समस्या रहती है, उनके लिए खाली पेट कच्चा लहसुन ज्यादा नुकसानदायक साबित हो सकता है।

PunjabKesari

मुंह और शरीर से तेज दुर्गंध

कच्चा लहसुन खाने के बाद मुंह और शरीर से तेज दुर्गंध आना एक आम समस्या है। ऐसा लहसुन में मौजूद सल्फर यौगिकों की वजह से होता है, जो शरीर में मेटाबॉलिज्म की प्रक्रिया के दौरान टूटकर सांसों और पसीने के जरिए बाहर निकलते हैं। यही कारण है कि लहसुन खाने के काफी समय बाद भी मुंह से बदबू और शरीर से तीखी गंध महसूस हो सकती है, जो कई लोगों के लिए असहज स्थिति पैदा कर देती है।
गंध कम करने के उपाय: कच्चा सेब, पुदीना, सौंफ या नींबू पानी का सेवन करें।

यें भी पढ़ें : Uric Acid बढ़ने पर शरीर में दिखने वाले ये 7 लक्षण, इन्हें कम करने के असरदार उपाय

सीने में जलन और एसिड रिफ्लक्स

अगर किसी व्यक्ति को पहले से ही एसिडिटी या एसिड रिफ्लक्स की समस्या है, तो कच्चा लहसुन खाने से सीने में जलन की शिकायत बढ़ सकती है। दरअसल, कच्चा लहसुन पेट में एसिड के उत्पादन को बढ़ा देता है और पाचन तंत्र की ऊपरी मांसपेशियों को शिथिल कर सकता है, जिससे पेट का एसिड ऊपर की ओर आने लगता है। इसके कारण सीने में जलन, खट्टे डकार और गले में जलन जैसी परेशानियां महसूस हो सकती हैं, खासकर खाली पेट लहसुन का सेवन करने पर।

PunjabKesari

खून पतला होने का खतरा

कच्चा लहसुन प्राकृतिक रूप से खून को पतला करने का काम करता है, क्योंकि इसमें एंटी-प्लेटलेट गुण मौजूद होते हैं। यह ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाकर दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन इसकी अधिक मात्रा नुकसानदायक भी हो सकती है। ज्यादा कच्चा लहसुन खाने से या किसी सर्जरी से पहले इसका सेवन करने पर रक्तस्राव का खतरा बढ़ सकता है, क्योंकि खून का थक्का बनने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। इसलिए सीमित मात्रा में ही कच्चा लहसुन खाना सुरक्षित माना जाता है।

यें भी पढ़ें : Chia Seeds हर किसी के लिए नहीं हैं फायदेमंद, इन लोगों को करना चाहिए परहेज

एलर्जी की संभावना

कुछ लोगों में कच्चा लहसुन एलर्जी की वजह बन सकता है। इसका सेवन करने पर मुंह या गले में खुजली, सूजन, पेट खराब होना, दस्त या त्वचा पर पित्ती जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। यह शरीर की इम्यून सिस्टम की प्रतिक्रिया होती है, जो लहसुन के कुछ तत्वों को नुकसानदायक मान लेती है। हालांकि ऐसा बहुत कम मामलों में होता है, लेकिन गंभीर स्थिति में सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्या भी हो सकती है, इसलिए ऐसे लक्षण दिखें तो तुरंत सावधान हो जाना चाहिए।

PunjabKesari

कितना लहसुन खाना है सुरक्षित?

रोजाना 1–2 कली कच्चा लहसुन सामान्य तौर पर सुरक्षित मानी जाती है।
इससे ज्यादा मात्रा या लंबे समय तक खाली पेट सेवन करने से बचें।
अगर कोई बीमारी, दवा या सर्जरी की तैयारी चल रही हो, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

लहसुन औषधीय गुणों से भरपूर है, लेकिन हर चीज संतुलन में ही फायदेमंद होती है। बिना सोचे-समझे और खाली पेट कच्चा लहसुन खाना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। बेहतर यही है कि इसे सही मात्रा और सही समय पर ही डाइट में शामिल किया जाए।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static