स्नान, जाप और दान के अलावा माघ पूर्णिमा पर कर लिया ये एक उपाय, तो मिलेगा 32 गुना अधिक फल
punjabkesari.in Tuesday, Feb 11, 2025 - 09:12 AM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2025_2image_09_09_278832343ma2.jpg)
नारी डेस्क: शास्त्रों में माघ मास का बड़ा ही महत्व बताया गया है। कहते हैं कि माघी पूर्णिमा के दिन स्वयं भगवान विष्णु गंगाजल में निवास करते हैं। इस दिन स्नान, दान, तर्पण आदि का विशेष महत्व है। पूर्णिमा पर दान देने और तर्पण करने से कई गुना अधिक शुभ फल की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है। अगर आप चाहते हैं कि आपके जीवन में धन की कोई कमी न हो, तो इस दिन ये कुछ उपाय करना ना भूलें।
![PunjabKesari](https://static.punjabkesari.in/multimedia/09_10_009076876ma.jpg)
माघ पूर्णिमा का महत्व
माघ पूर्णिमा हिंदू पंचांग के अनुसार माघ मास की पूर्णिमा तिथि को आती है। यह दिन अत्यंत पवित्र और शुभ माना जाता है, खासतौर पर स्नान, दान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए। इस दिन गंगा स्नान, व्रत और पूजा करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और सभी पापों का नाश होता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, माघ पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान करने से पूर्व जन्मों के पाप समाप्त हो जाते हैं। इस दिन लक्ष्मी माता की पूजा करने से घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है। स दिन दान और तर्पण करने से पितरों की आत्मा को शांति मिलती है और उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। जिन दंपतियों को संतान प्राप्ति में बाधा आ रही हो, वे इस दिन विशेष पूजा-अर्चना करके संतान सुख प्राप्त कर सकते हैं।
माघ पूर्णिमा पर करें इन चीजों का दान
दान को सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना गया है। इस दिन अनाज और खाद्य सामग्री दान करें जैसे- गेहूं, चावल, दालें, तिल और गुड़, इससे घर में अन्न-धन की कमी नहीं होती। हो सके तो जरूरतमंदों को ऊनी कपड़े, कंबल और जूते दान करने से पुण्य मिलता है। इससे भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। वहीं इस पावन पर्व पर तिल, गुड़ और तिल से बनी मिठाइयों का दान करने से पापों से मुक्ति मिलती है। माघ पूर्णिमा के दिन गौसेवा करने से पितृ दोष और ग्रह दोष समाप्त होते हैं। इस दिन गंगा नदी या किसी पवित्र जल स्रोत के किनारे दीपदान करने से समस्त इच्छाएं पूर्ण होती हैं, इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
धन-वैभव के लिए जरूर करें ये उपाय
सुबह जल्दी उठकर पवित्र नदियों में स्नान करें। अगर संभव न हो तो घर पर स्नान करते समय जल में गंगाजल मिलाएं। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें और विशेष रूप से 'ॐ नारायणाय विद्महे, वासुदेवाय धीमहि, तन्नो विष्णुः प्रचोदयात्' मंत्र का जाप करें। माघ पूर्णिमा के दिन पीपल के वृक्ष पर जल चढ़ाएं और 108 परिक्रमा करें, इससे घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है। इस दिन उपवास करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और सभी ग्रह दोष समाप्त होते हैं।
जरूर करें तुलसी पूजन
इस दिन तुलसी पूजन करने का विधान है। ऐसी मान्यता है कि जो व्यक्ति माघ पूर्णिमा के दिन व्रत रखता है और विधिवत पूजा-पाठ करता है। उसकी सभी कामना पूर्ण हो सकती है। इसके लिए ब्रह्म मुहूर्त में उठें और स्नान ध्यान करें। फिर किसी साफ स्वच्छ स्थान पर आसन रखकर रंगोली बनाएं और माता तुलसी को उस पर विराजित करें। इसके बाद अक्षत और रोली से पूजा अनुष्ठान करना प्रारंभ करें। इस दिन माता तुलसी के साथ भगवान विष्णु की पूजा करने से सौभाग्य की प्राप्ति होती है। माघ पूर्णिमा के दिन मां तुलसी की पूजा करने के बाद 11 बार परिक्रमा जरूर लगाएं। इसे महत्वपूर्ण माना जाता है। आखिर में आरती करें और सभी को प्रसाद वितरण करें।