आज आमलकी एकादशी के दिन करले ये खास उपाय: भगवान विष्णु देंगे खुशियों का आशीर्वाद
punjabkesari.in Monday, Mar 10, 2025 - 12:34 PM (IST)

नारी डेस्क: आमलकी एकादशी 2025: हिंदू धर्म में आमलकी एकादशी का विशेष महत्व है। इस दिन भगवान विष्णु के साथ-साथ भगवान शिव की भी पूजा का महत्व है। यह एकादशी फाल्गुन शुक्ल पक्ष में मनाई जाती है, और इस बार यह 10 मार्च को पड़ रही है। इस दिन को रंगभरी एकादशी भी कहा जाता है, क्योंकि इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था, और सभी देवता व शिव गण रंग-गुलाल उड़ाकर खुशियां मनाते थे। आमलकी एकादशी का व्रत भक्तों के लिए विशेष पुण्य लाभ प्रदान करने वाला होता है।
इस दिन विशेष रूप से आंवले के पेड़ की पूजा करने का महत्व है, और कई उपायों को ध्यान में रखते हुए पुण्य लाभ प्राप्त किया जा सकता है। तो चलिए जानते हैं आमलकी एकादशी पर किए जाने वाले खास उपायों के बारे में-
व्यवसाय की सफलता के लिए और संतान सुख के लिए
अगर आप अपने व्यवसाय में सफलता चाहते हैं तो इस दिन आंवले का पेड़ लगाएं और एक महीने तक उसकी देखभाल करें। इससे आपके व्यवसाय में सफलता का मार्ग खोलेगा। यदि आप संतान सुख प्राप्त करना चाहते हैं तो इस दिन 11 छोटे बच्चों को आंवले की कैंडी या मुरब्बा खिलाएं और मंदिर में आंवला दान करें। इस उपाय से संतान सुख की प्राप्ति होती है।
शिक्षा में सफलता के लिए
यदि आपकी पढ़ाई में रुकावट आ रही है, तो इस दिन भगवान विष्णु को दूध में केसर और चीनी मिलाकर भोग अर्पित करें। इसके बाद, एक विद्या यंत्र धारण करने से शिक्षा में सफलता प्राप्त होगी।
ये भी पढ़ें: क्या लहसुन-प्याज खाने वाले लोग लड्डू गोपाल की सेवा कर सकते हैं? जानिए प्रेमानंद जी महाराज से
पारिवारिक रिश्तों को सुधारने के लिए
अगर घर में किसी से अनबन चल रही है तो एक रोटी को तीन हिस्सों में बांट लें। एक हिस्सा गाय को, दूसरा हिस्सा कौवे को और तीसरा हिस्सा कुत्ते को दें। यह उपाय पारिवारिक रिश्तों को सुधारने में मदद करता है। इस दिन चांदी की कोई वस्तु खरीदें और उसे मंदिर में स्थापित करें। फिर पूरे दिन उस चांदी की वस्तु को वहीं रखें। अगले दिन उसे उठाकर घर में रख सकते हैं। इससे आपके समाज में पहचान बढ़ेगी।
बहनों के रिश्तों को सुधारने के लिए
अगर बहनों के साथ रिश्तों में समस्या हो तो 5 पीली कौड़ियां लें, उन्हें जलाएं और फिर बची हुई राख को एकांत स्थान पर रख आएं। यह उपाय बहनों के रिश्तों को सुधारने में कारगर है।
करियर में सफलता के लिए
इस दिन एक तांबे का चौकोर टुकड़ा लें और उसमें एक छोटा सा छेद करवा लें। उस छेद में सफेद धागा पिरोकर इसे गले में पहनें। यह उपाय जीवन में तरक्की लाएगा। यदि आप अपने करियर में सफलता चाहते हैं तो इस दिन "ऊँ गोविंदाय नमः" मंत्र का 108 बार जाप करें। इससे करियर में सफलता के नए द्वार खुलेंगे।
दांपत्य जीवन की खुशहाली के लिए
यदि दांपत्य जीवन में कोई परेशानी हो रही हो तो इस दिन भगवान श्री गोविंद को शहद का भोग अर्पित करें। साथ ही बिना नमक का भोजन करें। इससे दांपत्य जीवन में सुख-शांति आएगी। अगर आप अपने लवमेट के साथ प्रेम संबंधों को बनाए रखना चाहते हैं तो इस दिन भगवान गोविंद को दही में चीनी डालकर भोग अर्पित करें और उनके चरणों में पीले फूल अर्पित करें।
व्यवसाय की मंदी दूर करने के लिए
अगर आपके बिजनेस में मंदी आ रही हो तो इस दिन भगवान गोविंद के आगे घी का दीपक जलाएं और उन्हें दूध से बनी मिठाई का भोग अर्पित करें। इससे व्यापार में तेजी आएगी। अगर आप परिवार की जरूरतों को पूरा करने में असहज महसूस कर रहे हैं तो इस दिन शिव मंदिर में जाकर भगवान शिव को बेल का फल अर्पित करें और शिव चालीसा का पाठ करें। यह उपाय परिवार की परेशानियों को दूर करेगा।
आमलकी एकादशी के दिन इन खास उपायों को अपनाकर आप अपनी जीवन में खुशियां, समृद्धि और सफलता प्राप्त कर सकते हैं। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा और आंवले के वृक्ष की पूजा करने से जीवन में हर तरह की पीड़ा दूर हो सकती है और समृद्धि का आगमन हो सकता है।