दिल्ली में चौथी महिला CM का आज होगा राजतिलक, जानिए कौन है रेखा गुप्ता जिनके हाथ में होगी राजधानी की कमान

punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2025 - 10:14 AM (IST)

नारी डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पहली बार विधायक बनी पार्टी की वफादार एवं गैर विवादित नेता रेखा गुप्ता को दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री चुना है, जो तीन दशक तक भाजपा के विभिन्न पदों पर आसीन रही हैं। गुप्ता (50) दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री और श्रीमती सुषमा स्वराज, श्रीमती शीला दीक्षित और श्रीमती आतिशी के बाद दिल्ली सरकार की कमान संभालने वाली चौथी महिला बन गई हैं।  आज वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में रामलीला मैदान में शपथ लेंगी। इसके साथ ही दिल्ली में 26 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्ता में वापसी होगी।

PunjabKesari

दिल्ली की नई सीएम का हरियाणा से है नाता

रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा में जींद जिले के नंदगढ़ गांव में 1974 हुआ था। उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी थे। वर्ष 1976 में श्रीमती गुप्ता का परिवार दिल्ली आ गया। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा राष्ट्रीय राजधानी तथा उत्तर प्रदेश के मेरठ से पूरी की। उन्होंने बीकॉम की उपाधि दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से हासिल की, जबकि मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से 2022 में एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सदस्य श्रीमती गुप्ता ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ एक छात्र नेता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। 

PunjabKesari

तीन बार रह चुकी हैं पार्षद

गुप्ता 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डीयूएसयू) की अध्यक्ष चुनी गयीं। इसके बाद उन्होंने नागरिक राजनीति में किस्मत आजमायी और तीन बार पार्षद बनीं तथा दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर भी रहीं। उन्होंने 2022 में दिल्ली नगर निगम के मेयर पद के लिए ‘आप' की शैली ओबेरॉय के खिलाफ भी चुनाव लड़ा था। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग निर्वाचन क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी पर 29,000 से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की।

PunjabKesari

 वह 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में इसी प्रतिद्वंद्वी से हार गयी थीं। श्रीमती गुप्ता भाजपा की दिल्ली इकाई की महासचिव और पार्टी की महिला शाखा - महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रही हैं।   शपथ ग्रहण समारोह से पहले गुप्ता ने ऐलान किया कि महिला समृद्धि योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक भुगतान किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static