अचानक फेल नहीं होती Kidney, पहले शरीर देता है ये 5 इशारे
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 06:03 PM (IST)
नारी डेस्क: क्या आपके पैरों में बार-बार सूजन आ रही है? इसे अक्सर लोग थकान, ज्यादा चलने या नमक ज्यादा खाने का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन किडनी विशेषज्ञों (नेफ्रोलॉजिस्ट) के अनुसार, पैरों में सूजन किडनी की शुरुआती समस्या का संकेत भी हो सकती है। आइए जानते हैं किडनी से जुड़ी समस्या के 5 शुरुआती लक्षण

पैरों, टखनों और आंखों के नीचे सूजन
जब किडनी ठीक से काम नहीं करती, तो शरीर से अतिरिक्त पानी और नमक बाहर नहीं निकल पाता। इसकी वजह से पैरों, टखनों और कभी-कभी आंखों के नीचे सूजन दिखने लगती है। सुबह उठते समय सूजन ज्यादा नजर आना इसका सबसे बड़ा संकेत है।
पेशाब में बदलाव
किडनी की समस्या होने पर पेशाब से जुड़े बदलाव दिखाई दे सकते हैं, जैसे बार-बार पेशाब आना या बहुत कम आना, झागदार पेशाब (प्रोटीन लीकेज का संकेत), पेशाब में जलन या खून। पेशाब का रंग, मात्रा और पैटर्न बदलना एक बड़ा संकेत हो सकता है।
थकान और कमजोरी
किडनी खराब होने पर शरीर में टॉक्सिन जमा होने लगते हैं। इससे कमजोरी, सुस्ती और ध्यान केंद्रित करने में दिक्कत हो सकती है। कभी-कभी एनीमिया भी हो सकता है, जिससे थकान और बढ़ जाती है।

भूख कम लगना और उल्टी-मतली
जब शरीर में अपशिष्ट पदार्थ बढ़ जाते हैं, तो मतली, उल्टी और भूख न लगने जैसी समस्या हो सकती है। अगर यह समस्या कई दिनों तक बनी रहे, तो इसे नजरअंदाज न करें।
त्वचा में खुजली और रूखापन
किडनी सही तरह से काम न करे तो खून में मिनरल्स का संतुलन बिगड़ सकता है। इससे त्वचा में खुजली, रूखापन या जलन महसूस हो सकती है।
कब तुरंत डॉक्टर से मिलें?
अगर सूजन के साथ सांस लेने में दिक्कत हो, पेशाब में खून दिखे, ब्लड प्रेशर लगातार हाई रहे डायबिटीज या हाई बीपी के मरीज हों और ये लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। याद रखें किडनी की बीमारी अक्सर शुरुआती चरण में बिना दर्द के बढ़ती है। इसलिए नियमित ब्लड टेस्ट (क्रिएटिनिन, यूरिया), पेशाब की जांच, ब्लड प्रेशर कंट्रोल बहुत जरूरी है। पैरों की सूजन हमेशा सामान्य नहीं होती। अगर यह बार-बार या लंबे समय तक रहे, तो किडनी की जांच जरूर कराएं।

