हमारे दिल में आप हमेशा रहेंगे’ – कियारा आडवाणी ने ससुर सुनील मल्होत्रा को दी भावुक श्रद्धांजलि
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 05:29 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा का 17 फरवरी को निधन हो गया। इस दुखद खबर के बाद परिवार और फैंस गहरे सदमे में हैं। सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया पर अपने पिता की याद में भावपूर्ण पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी कुछ प्यारी तस्वीरें साझा कीं।
कियारा ने लिखा एक पोस्ट
इस मुश्किल समय में सिद्धार्थ की पत्नी कियारा आडवाणी भी उनके साथ खड़ी हैं। कियारा ने अपने ससुर सुनील मल्होत्रा के प्रति भावनाओं से भरा एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने दिल की बात साझा की। कियारा ने लिखा कि सुनील मल्होत्रा ने उन्हें शादी से पहले ही खुले दिल से अपनाया और परिवार के प्रति उनका प्यार हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
कियारा ने अपनी और सिद्धार्थ की शादी की एक यादगार ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर भी शेयर की, जिसमें सुनील मल्होत्रा और उनकी पत्नी नजर आ रही हैं। उन्होंने लिखा कि सुनील हमेशा परिवार के लिए मौजूद रहते थे, दूसरों की मदद करने में पीछे नहीं हटते थे और उनके छोटे-छोटे विचारों में भी परिवार के प्रति प्यार झलकता था।
ये भी पढ़ें: स्टारडम मिला, मगर सुकून नहीं… जानिए हेलेन की अनकही दास्तां
कियारा ने आगे लिखा
आपकी कहानियां, हंसी, शांत साहस और प्यार भरे शब्द हमारे दिल में हमेशा रहेंगे। आपने अपने पीछे कोमलता, ईमानदारी और अटूट प्रेम की विरासत छोड़ी है। आपकी आत्मा को शांति मिले। आप हमेशा याद किए जाएंगे और हमेशा हमारे दिलों में जिन्दा रहेंगे।” कियारा का यह पोस्ट सिर्फ सुनील मल्होत्रा के लिए श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि परिवार के प्रति उनके सम्मान और प्यार का भी प्रतीक है। इस मुश्किल समय में पूरे परिवार की एकजुटता और फैंस के सहानुभूतिपूर्ण संदेश उन्हें सांत्वना दे रहे हैं।

