खाटू श्याम मंदिर: 18–19 फरवरी 2026 को दर्शन रहेंगे बंद, यात्रा से पहले देखें नया शेड्यूल

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 02:48 PM (IST)

नारी डेस्क: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटू श्याम मंदिर में रोजाना हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अगर आप भी फरवरी में खाटू श्याम जी के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। मंदिर समिति ने 18 और 19 फरवरी 2026 को लेकर विशेष सूचना जारी की है।

कब तक बंद रहेंगे मंदिर के कपाट?

मंदिर समिति के अनुसार, तिलक श्रृंगार और विशेष सेवा-पूजा के कारण मंदिर के पट 18 फरवरी 2026 की रात 10:00 बजे से 19 फरवरी 2026 की शाम 5:00 बजे तक आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। इस दौरान भक्तों को बाबा श्याम के दर्शन नहीं हो सकेंगे। इसलिए श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय के बाद ही दर्शन के लिए आएं।

क्यों बंद रहेंगे दर्शन?

श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 19 फरवरी को बाबा श्याम की विशेष पूजा, सेवा और भव्य तिलक श्रृंगार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान के कारण मंदिर में आम दर्शन अस्थायी रूप से बंद रखे जाएंगे। समिति ने श्रद्धालुओं से सहयोग करने और भीड़ से बचने के लिए तय समय का पालन करने की अपील की है। 19 फरवरी को शाम 5 बजे के बाद दोबारा दर्शन शुरू कर दिए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:  महाशिवरात्रि पर सोमनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर प्रशासन ने की पूरी तैयारी

खाटू श्याम जी को क्यों कहा जाता है “हारे का सहारा”?

धार्मिक मान्यता के अनुसार, खाटू श्याम जी को कलियुग में भगवान श्रीकृष्ण का अवतार माना जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार, महाभारत युद्ध के समय भीम के पौत्र बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण को अपना शीश दान में दे दिया था। उनकी इस भक्ति से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें वरदान दिया कि कलियुग में वे “श्याम” नाम से पूजे जाएंगे और “हारे का सहारा” कहलाएंगे।

इसी आस्था के कारण देशभर से श्रद्धालु खाटू धाम पहुंचते हैं, जिनमें सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर सबसे प्रसिद्ध माना जाता है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static