Holi 2026: होली पर ज्यादा भांग पी लेने पर इन घरेलू नुस्खों से उतारें हैंगओवर
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 05:13 PM (IST)
नारी डेस्क: होली का त्योहार रंग, मस्ती और भाईचारे का प्रतीक है। इस दिन लोग एक-दूसरे को रंग लगाते हैं, पकौड़े और मिठाइयाँ खाते हैं और कई जगह भांग का सेवन भी परंपरा का हिस्सा होता है। लेकिन कभी-कभी मस्ती के चक्कर में लोग ज्यादा भांग पी लेते हैं, जिससे अगले दिन सिर भारी होना, चक्कर आना, उलझन, बेचैनी या तेज प्यास जैसी परेशानियां हो जाती हैं। अगर होली के बाद आप भी ऐसे हालात का सामना कर रहे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू उपाय हैं, जिनसे हैंगओवर जल्दी उतर सकता है और शरीर जल्दी रिकवर हो सकता है।
खूब पानी और नारियल पानी पिएं
भांग के नशे से शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) हो जाती है, जिससे कमजोरी और सिरदर्द होता है। ऐसे में गुनगुना पानी या नारियल पानी पीना बेहद जरूरी है। इससे शरीर में पानी की कमी पूरी होती है और टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं, जिससे हैंगओवर धीरे-धीरे कम होने लगता है।

खट्टी चीजों का सेवन करें
भांग का असर कम करने के लिए खट्टी चीजें काफी मददगार होती हैं। नींबू, संतरा या इमली का सेवन करने से शरीर को राहत मिलती है। खट्टी चीजों में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स नशा बढ़ाने वाले केमिकल्स को बेअसर करने में मदद करते हैं।
नींबू पानी और शहद मिलाकर पिएं
एक गिलास गुनगुने पानी में नींबू और थोड़ा शहद मिलाकर पीने से शरीर को ताजगी मिलती है और पेट को आराम मिलता है। यह हैंगओवर कम करने का आसान और असरदार तरीका है।
ये भी पढ़ें: Holika Dahan 2026: इन लोगों को नहीं देखनी चाहिए जलती होलिका, जानें क्यों
दही या छाछ पिएं
भांग के नशे का असर पेट पर भी पड़ता है। पेट की जलन और भारीपन से राहत पाने के लिए दही या छाछ का सेवन करें। यह पेट को ठंडा रखने और हैंगओवर कम करने में मदद करता है।

हल्का और पौष्टिक खाना खाएं
हैंगओवर में तला-भुना और मसालेदार खाना न खाएं। खिचड़ी, दलिया, सूप या फल जैसे हल्के भोजन का सेवन करें। इससे शरीर को एनर्जी मिलती है और पेट को आराम भी मिलता है।
आराम और नींद लें
भांग का असर कम करने के लिए शरीर को आराम देना जरूरी है। शांत जगह पर लेटें या थोड़ी नींद लें। इससे शरीर और दिमाग दोनों जल्दी रिकवर होते हैं। इन आसान टिप्स को अपनाकर आप होली की मस्ती के बाद होने वाले हैंगओवर से जल्दी राहत पा सकते हैं और दिन भर एनर्जी से भरपूर रह सकते हैं।

