मां बनने के बाद पोस्टपार्टम डिप्रेशन से जूझीं Karishma Tanna, बोली- रोने का मन करता...
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 04:59 PM (IST)
नारी डेस्क : मां बनना हर महिला के लिए जिंदगी का बेहद खूबसूरत अनुभव होता है, लेकिन डिलीवरी के बाद शरीर और मन में होने वाले बदलावों को संभालना आसान नहीं होता। टीवी और फिल्म एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना ने भी मां बनने के बाद अपने अनुभव को खुलकर साझा किया है। उन्होंने पोस्टपार्टम डिप्रेशन के बारे में बात करते हुए बताया कि इस दौरान बिना किसी खास वजह के भी रोने का मन कर सकता है और मूड अचानक बदल सकता है। करिश्मा तन्ना कुछ महीने पहले ही मां बनी हैं। उन्होंने बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम उन्होंने और उनके पति वरुण बंगेरा ने 'वेद तन्ना बंगेरा' रखा है। मां बनने के बाद अपनी नई जिंदगी को एंजॉय करने के साथ-साथ करिश्मा ने यह भी बताया कि डिलीवरी के बाद का समय उनके लिए भावनात्मक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
डिलीवरी के बाद क्यों बदलता है मूड?
TOI से बातचीत में करिश्मा ने बताया कि उन्होंने डिलीवरी से पहले ही खुद को मानसिक रूप से तैयार कर लिया था। उन्हें मालूम था कि बच्चे के जन्म के बाद शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलावों का असर भावनाओं पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि आप खुद को कितना भी मजबूत समझें, यह दौर आपको प्रभावित कर सकता है। एक्ट्रेस के मुताबिक, कभी मां बनने की खुशी बहुत ज्यादा महसूस होती है तो अगले ही पल मूड काफी लो हो सकता है। कई बार छोटी-सी बात पर भी आंसू आने लगते हैं और समझ नहीं आता कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है।

टांकों के दर्द के बीच बच्चे की जिम्मेदारी
करिश्मा ने यह भी बताया कि डिलीवरी के बाद महिला खुद शारीरिक दर्द से गुजर रही होती है। शरीर पर टांके और कमजोरी के बावजूद बच्चे की देखभाल की जिम्मेदारी भी होती है। ऐसे में नई मां के लिए यह पूरा फेज शारीरिक और भावनात्मक दोनों स्तर पर काफी मुश्किल हो सकता है। उन्होंने नई माताओं को सलाह दी कि इस दौरान खुद को किसी तरह का दोष न दें और अपनी भावनाओं को लेकर खुद को जज न करें। मां बनने के बाद हर महिला का अनुभव अलग होता है और हर समय खुद को परफेक्ट साबित करना जरूरी नहीं है।
यें भी पढ़ें : 'छठी मैया' गाने की शूटिंग के दौरान इमोशनल हुईं तमन्ना भाटिया, कहा-मेरी आंखों में आंसू आ गए...
खुद को गिल्ट में न रखें
करिश्मा ने कहा कि नई मांओं को इस दौर में खुद पर भरोसा रखना चाहिए। बच्चे के लिए वे जो कर रही हैं, वह पर्याप्त है। उनके मुताबिक, मां का खुश और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी उतना ही जरूरी है, क्योंकि इससे वह बच्चे की बेहतर देखभाल कर पाती हैं।

मां बनने के बाद बदला नजरिया
करिश्मा ने कहा कि मां बनने के बाद उन्हें असली ताकत का मतलब समझ आया है। एक महिला जिस शारीरिक और भावनात्मक प्रक्रिया से गुजरकर बच्चे को जन्म देती है, वह अपने आप में बहुत बड़ी बात है। उन्होंने इस अनुभव को महिलाओं की ताकत से जोड़ते हुए कहा कि बच्चे को जन्म देने की पूरी प्रक्रिया से गुजरना किसी सुपरपावर से कम नहीं है। मां बनने के बाद करिश्मा का नजरिया जिंदगी को लेकर भी बदला है। उन्होंने बताया कि वह अपनी सुविधाओं के लिए भगवान का शुक्रिया अदा करती हैं, लेकिन अब उन माताओं और बच्चों के बारे में भी ज्यादा सोचती हैं जिन्हें जरूरी मदद और सुविधाएं नहीं मिल पातीं। वह भविष्य में जरूरतमंद माताओं और बच्चों की मदद करना चाहती हैं।
यें भी पढ़ें: बड़े ब्रेस्ट वाली महिलाओं में आम हैं ये 4 परेशानियां, जानें कारण
क्यों रखा बेटे का नाम 'वेद'?
करिश्मा और वरुण बंगेरा ने अपने बेटे का नाम 'वेद' रखा है। एक्ट्रेस के मुताबिक, वह अपने बच्चे के लिए ऐसा नाम चाहती थीं जो उनकी संस्कृति से जुड़ा हो और जिसका अर्थ भी मजबूत हो। काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने संस्कृत नाम 'वेद' को चुना।

