Mumbai को Bombay कहते हैं कपिल शर्मा, MNS ने कहा- दोबारा ये बोला तो अंजाम होगा बुरा

punjabkesari.in Thursday, Sep 11, 2025 - 06:21 PM (IST)

नारी डेस्क: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने कॉमेडियन कपिल शर्मा को उनके नेटफ्लिक्स शो में मुंबई को "बॉम्बे" कहने पर चेतावनी दी है। मनसे ने  मुंबई को 'बॉम्बे' या 'बंबई' कहकर उसका 'अपमान' करने को लेकर चेताया और कहा कि अगर यह बंद नहीं किया तो वह इसके खिलाफ कड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। मनसे नेता अमेय खोपकर ने पत्रकारों से बात करते हुए कपिल शर्मा को यह चेतावनी दी। 

PunjabKesari
खोपकर पार्टी की फिल्म शाखा के प्रमुख हैं। उन्होंने मीडिया से बात करते हएु कहा- "इस शहर का नाम मुंबई है। कपिल शर्मा के शो में, हम लंबे समय से देखते आ रहे हैं और इस नए सीजन के शुरू होने से पहले भी... शहर को हमेशा बॉम्बे या बम्बई कहा जाता है। हम इसका विरोध करते हैं। यह कोई आपत्ति नहीं, बल्कि गुस्सा है। इस शहर का नाम मुंबई है। अगर आप दूसरे शहरों को चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे उनके सही नामों से बुला सकते हैं, तो हमारे शहर का अपमान क्यों कर रहे हैं?" 

PunjabKesari
नेता ने कहा- "शर्मा इतने सालों से मुंबई में काम कर रहे हैं, मुंबई आपकी कर्मभूमि है। मुंबई के लोग आपको पसंद करते हैं और आपका शो देखते हैं। मुंबई हमारे दिलों में है, इस शहर का अपमान मत करो, मुंबई के लोगों का अपमान मत करो। मैं कपिल शर्मा को चेतावनी दे रहा हूं।" खोपकर ने कहा- "मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि अगर यह गलती से हुआ है, तो गलती सुधार लें। आपके शो में जो भी आए, चाहे वे सेलिब्रिटी हों या एंकर, उन्हें पहले बताएं कि वे मुंबई को बॉम्बे या बंबई न कहें। उन्हें मुंबई कहना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो मनसे एक आंदोलन शुरू करेगी।" 

PunjabKesari
कपिल शर्मा 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' होस्ट करते हैं, जो नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होता है। शो के तीसरे सीजन का 21 जून को प्रीमियर हुआ था। मनसे नेता अमेय खोपकर से पूछा गया कि क्या उनकी पार्टी आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर इस मुद्दे को उठा रही है? इस पर उन्होंने कहा- "हम पिछले कई सालों से इस मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं। चुनावों को एक तरफ रखिए, इस शहर का नाम मुंबई है। आपको मुंबई कहना ही होगा। और जो इसे मुंबई नहीं कहेंगे, उन्हें हमारे गुस्से का सामना करना पड़ेगा।" 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static