लोकसभा में हंगामा करने वालों पर भड़की कंगना, बाेली- दबाव डालने से सरकार झुकने वाली नहीं
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 01:36 PM (IST)
नारी डेस्क: लोकसभा में बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने सोमवार को संसदीय कार्यवाही में बाधा डालने के लिए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनी हुई सरकार को बिना किसी "दबाव" के अपने कामकाज के बारे में फैसला लेने का पूरा अधिकार है। संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए, अभिनेत्री से नेता बनीं कंगना ने कहा कि सदन का मुख्य उद्देश्य सार्थक चर्चा और जवाबदेही है, न कि हंगामा। उन्होंने कहा, "हमारा संसदीय सत्र इसलिए होता है ताकि हम सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर सकें और सरकार को हर चीज़ के लिए जवाबदेह ठहराया जा सके। यही इसका मकसद है। हम चाहते हैं कि सत्र चले और वे वहां अपने सवाल उठाएं, लेकिन अगर वे हंगामा करते हैं और अव्यवस्था फैलाते हैं - जैसा कि वे इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कर रहे हैं - तो यह सही नहीं है।"

अधिकारियों या मंत्रियों को हटाने या बनाए रखने की मांगों पर सीधे तौर पर बात करते हुए, लोकसभा सांसद ने स्पष्ट किया कि सरकार दबाव की रणनीति के आगे नहीं झुकेगी। रनौत ने कहा- "आप सरकार पर दबाव डालकर यह तय नहीं करवा सकते कि किसे नौकरी से निकालना है और किसे रखना है। इस तरह का दबाव डालना ठीक नहीं है।" रनौत ने आगे कहा कि जो लोग सरकार के आंतरिक फैसलों को तय करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें पहले जनता से जनादेश लेना चाहिए। उन्होंने कहा, "जनता द्वारा चुनी गई सरकार का यह अधिकार है कि वह तय करे कि सरकार कैसे चलानी है। अगर आपको इतना ही लगता है, तो आपको खुद चुनाव लड़ना चाहिए।"

इससे पहले आज, मॉनसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद लोकसभा को सोमवार दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। विपक्ष के सदस्य NEET विवाद और राम मंदिर दान में कथित हेराफेरी के मामले पर चर्चा की मांग करते हुए लगातार नारेबाजी कर रहे थे। विरोध-प्रदर्शन के बीच, स्पीकर ओम बिरला ने बार-बार सदस्यों से सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की। हालांकि, नारेबाज़ी जारी रही, जिसके कारण स्पीकर को सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। सत्र से पहले, कांग्रेस नेताओं ने कहा था कि वे NEET-UG 2026 विवाद और राम मंदिर दान में कथित गबन के मामले पर चर्चा की मांग करेंगे।

