Nick Jonas की बहन Maya का लंबी बीमारी के बाद निधन, शोक में डूबी जोनास फैमिली
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 11:16 AM (IST)
नारी डेस्क: ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा के पति और मशहूर सिंगर-एक्टर निक जोनास के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। निक जोनास और उनके भाइयों केविन जोनस और जो जोनस की बचपन की दोस्त और मुंहबोली बहन माया किबेल का 30 साल की उम्र में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि माया लंबे समय से एक दुर्लभ आनुवांशिक बीमारी विल्सन डिजीज से जूझ रही थीं। बीमारी से लंबी लड़ाई के बाद 7 मार्च को उनका निधन हो गया। इस खबर के सामने आने के बाद जोनास परिवार और उनके करीबी लोग गहरे शोक में हैं।
मां ने सोशल मीडिया पर शेयर की भावुक पोस्ट
माया किबेल के निधन की जानकारी उनकी मां ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए दी। अपनी पोस्ट में उन्होंने बताया कि उनकी बेटी लंबे समय से गंभीर बीमारी से लड़ रही थी और इस दौरान उसे काफी तकलीफों का सामना करना पड़ा। उन्होंने लिखा कि बहुत भारी दिल के साथ उन्हें यह दुखद खबर साझा करनी पड़ रही है। उनकी बेटी माया एक दुर्लभ बीमारी विल्सन डिजीज से पीड़ित थी और उसने इस बीमारी से लड़ने के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन आखिरकार उसका शरीर जवाब दे गया।
7 मार्च की सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत
माया की मां के अनुसार, 7 मार्च की सुबह माया अचानक बेहोश हो गई थीं। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल के इमरजेंसी रूम में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि जब माया को अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक उनके दिल और फेफड़ों ने काम करना लगभग बंद कर दिया था। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्य से उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और अस्पताल में ही उनका निधन हो गया।
लंबे समय से दर्द और तकलीफ झेल रही थीं माया
माया की मां ने अपनी पोस्ट में यह भी बताया कि उनकी बेटी लंबे समय से इस बीमारी के कारण दर्द और तकलीफ झेल रही थी। कई बार ऐसा होता था कि दर्द की वजह से वह रोते-रोते ही सो जाती थी। हालांकि उन्होंने यह भी लिखा कि अब उनकी बेटी इस दुनिया के दुखों से दूर अपने पिता के पास स्वर्ग में है, जहां उसे अब किसी तरह की तकलीफ या दर्द नहीं सहना पड़ेगा।

जोनास ब्रदर्स के साथ था गहरा रिश्ता
माया किबेल का जोनास ब्रदर्स – केविन जोनस, जो जोनस और निक जोनास – के साथ बहुत गहरा रिश्ता था। वह उनके पड़ोस में रहती थीं और बचपन से ही उनकी अच्छी दोस्त थीं। समय के साथ उनका रिश्ता इतना मजबूत हो गया कि जोनास परिवार उन्हें अपनी बहन की तरह मानने लगा। यही वजह है कि उनके निधन की खबर से पूरा जोनास परिवार बेहद दुखी है। निक जोनास की पत्नी प्रियंका चोपड़ा भी माया और जोनास परिवार के काफी करीब मानी जाती हैं।
ये भी पढ़े: महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा लव जिहाद का शिकार हुईं ,डायरेक्टर का बड़ा दावा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही बचपन की तस्वीरें
माया के निधन के बाद सोशल मीडिया पर उनकी और निक जोनास की बचपन की कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में दोनों को बचपन में साथ खेलते और समय बिताते हुए देखा जा सकता है। इन तस्वीरों को देखकर फैंस भी भावुक हो रहे हैं और माया को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
क्या है विल्सन डिजीज?
विल्सन डिजीज एक दुर्लभ आनुवांशिक बीमारी है। इस बीमारी में शरीर अतिरिक्त कॉपर (तांबा) को सही तरीके से बाहर नहीं निकाल पाता। इसके कारण कॉपर शरीर के अलग-अलग अंगों जैसे लीवर, दिमाग और आंखों में जमा होने लगता है। अगर समय पर इसका इलाज न हो तो यह बीमारी गंभीर और जानलेवा भी हो सकती है। कई मामलों में यह लीवर फेलियर या सिरोसिस जैसी गंभीर स्थिति पैदा कर देती है और मरीज को लीवर ट्रांसप्लांट की जरूरत भी पड़ सकती है।
Heartbreaking ! Nick Jonas की बहन Maya का लंबी बीमारी के बाद निधन 📷 📷 📷#nickjonas #Bollywood #PriyankaChopra pic.twitter.com/9XTqPbApO9
— Nari (@NariKesari) March 12, 2026
परिवार और फैंस कर रहे हैं श्रद्धांजलि
माया किबेल के निधन से उनका परिवार, दोस्त और जोनास फैमिली बेहद दुखी है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें याद कर रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। माया की मां ने भी अपनी पोस्ट में उन सभी लोगों का धन्यवाद किया है, जिन्होंने माया को जिंदगी में प्यार और साथ दिया। उन्होंने कहा कि एक मां के तौर पर वह अपनी बेटी को हमेशा याद करेंगी।

