जन्माष्टमी पर बजट की टेंशन छोड़ें, इन 6 घरेलू चीजों से सजाएं घर

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 11:33 AM (IST)

नारी डेस्क : जन्माष्टमी पर घर को सजाने के लिए हर बार बाजार से नई चीजें खरीदना जरूरी नहीं है। घर में मौजूद सामान को थोड़ी क्रिएटिविटी के साथ इस्तेमाल करके पूजा की जगह को खूबसूरत और त्योहार के अनुकूल बनाया जा सकता है। जानिए आसान और बजट-फ्रेंडली सजावट के आइडियाज। जन्माष्टमी के त्योहार पर कान्हा के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अगर आप भी घर को खूबसूरत तरीके से सजाना चाहती हैं, लेकिन सजावट के लिए ज्यादा पैसे खर्च नहीं करना चाहतीं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। घर में पहले से मौजूद कई चीजों की मदद से आप पूजा की जगह को बेहद सुंदर बना सकती हैं। खास बात यह है कि इसके लिए आपको महंगे डेकोरेशन आइटम खरीदने की जरूरत नहीं होगी। थोड़ी-सी क्रिएटिविटी और घर में रखी कुछ पुरानी चीजों से ही आप जन्माष्टमी के लिए खूबसूरत और ट्रेडिशनल माहौल तैयार कर सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसे 6 आसान आइडियाज।

दरवाजे पर घर की चीजों से बनाएं तोरण

जन्माष्टमी की सजावट की शुरुआत घर के मुख्य दरवाजे से करें। इससे घर में प्रवेश करते ही त्योहार जैसा माहौल महसूस होने लगता है। इसके लिए गेंदे के फूल और हरी पत्तियों की मदद से सुंदर बंदनवार या तोरण बनाया जा सकता है। अगर घर में पहले से कोई पुराना तोरण रखा है तो उसे भी साफ करके दोबारा इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके साथ कुछ फूल या छोटी लाइट्स लगाकर आप इसे और आकर्षक बना सकती हैं।

पूरे घर के बजाय सजाएं कान्हा का कोना

पूरे घर को सजाने में ज्यादा समय और मेहनत लग सकती है। इसलिए इस जन्माष्टमी सिर्फ उस जगह को सजाएं जहां लड्डू गोपाल विराजमान हैं। कान्हा के आसपास पुराने छोटे खिलौने, फूल, मोरपंख, छोटी मटकी या घर में मौजूद दूसरे सजावटी सामान रखे जा सकते हैं। इससे कम सामान में भी पूजा की जगह खूबसूरत और खास नजर आएगी।

पुराने दुपट्टे से बनाएं सुंदर बैकग्राउंड

घर में रखा कोई साफ और खूबसूरत पुराना दुपट्टा भी जन्माष्टमी की सजावट में काम आ सकता है। इसे दीवार पर लगाकर लड्डू गोपाल के लिए एक सुंदर बैकग्राउंड तैयार करें। अगर दुपट्टा रंगीन, सिल्क या हल्का चमकीला है तो इससे सजावट और भी खूबसूरत लगेगी। इसके चारों ओर फूलों की लड़ियां या पुरानी फेयरी लाइट्स लगाकर आप पूजा के कोने को आकर्षक बना सकती हैं।

सजावट में जरूर शामिल करें मोरपंख

भगवान कृष्ण की सजावट में मोरपंख का इस्तेमाल खास माना जाता है। अगर आपके पास पहले से मोरपंख हैं तो उन्हें लड्डू गोपाल के झूले, पूजा स्थान या बैकग्राउंड की सजावट में इस्तेमाल कर सकती हैं। मोरपंख को फूलों और लाइट्स के साथ सजाने से पूजा के कोने को ट्रेडिशनल और खूबसूरत लुक मिलेगा।

फूल और पुरानी लाइट्स आएंगी काम

अगर घर में दिवाली या किसी दूसरे त्योहार की पुरानी लाइट्स रखी हैं तो उन्हें इस जन्माष्टमी फिर से इस्तेमाल करें। पूजा की जगह के आसपास हल्की रोशनी वाली लाइट्स लगाकर सुंदर माहौल बनाया जा सकता है। इसके साथ गेंदे के फूल, नकली फूलों की लड़ियां या घर में मौजूद फूलों का इस्तेमाल करें। फूल और हल्की रोशनी का कॉम्बिनेशन पूजा के कोने को बेहद खूबसूरत बना सकता है।

बच्चों के लिए बनाएं छोटा-सा फोटो बूथ

जन्माष्टमी पर बच्चों को कृष्ण की तरह तैयार करना हर घर में खास होता है। ऐसे में घर के किसी छोटे से कोने को बच्चों के लिए फोटो बूथ में बदला जा सकता है।
इसके लिए बांसुरी, मुकुट, मोरपंख, छोटी मटकी और पुराने दुपट्टे जैसी चीजों का इस्तेमाल करें। बच्चे कृष्ण की वेशभूषा में यहां फोटो खिंचवा सकते हैं। इससे सजावट भी हो जाएगी और त्योहार की यादें भी खूबसूरत तस्वीरों में कैद हो जाएंगी।

कम बजट में भी सजाएं घर

जन्माष्टमी की सजावट के लिए महंगे सामान खरीदना जरूरी नहीं है। घर में मौजूद फूल, पुराने दुपट्टे, लाइट्स, मोरपंख और सजावटी सामान को थोड़ी क्रिएटिविटी के साथ इस्तेमाल करके आप खूबसूरत पूजा कॉर्नर तैयार कर सकती हैं। इससे पैसे भी बचेंगे और घर को एक पर्सनल टच भी मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static