बड़ा हादसा: पुरी में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान मची भगदड़, 3 श्रद्धालुओं की मौत, 10 घायल

punjabkesari.in Sunday, Jun 29, 2025 - 10:35 AM (IST)

नारी डेस्क:  ओडिशा के पुरी में चल रही श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान एक दुखद हादसा हो गया। शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मरने वालों में दो महिलाएं और एक बुजुर्ग पुरुष शामिल हैं।

कैसे हुआ हादसा?

यह घटना उस समय हुई जब भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की मूर्तियों वाले तीन रथ गुंडिचा मंदिर के पास पहुंचे थे। यह मंदिर मुख्य जगन्नाथ मंदिर से करीब 3 किलोमीटर दूर है।
सुबह दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर और रथ के पास इकट्ठा हो गए। भीड़ अधिक हो जाने के कारण कुछ लोग फिसलकर गिर गए, और इसके बाद भगदड़ मच गई।

मृतकों की पहचान

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, मरने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है प्रभाती दास (महिला) बसंती साहू (महिला) प्रेमकांत मोहंती (70 वर्ष, पुरुष) तीनों श्रद्धालु ओडिशा के खुर्दा जिले से आए थे और रथ यात्रा में भाग लेने पुरी पहुंचे थे।

घायल श्रद्धालुओं का इलाज जारी

भगदड़ में घायल हुए करीब 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज पुरी के जिला अस्पताल में चल रहा है।

प्रबंधन पर सवाल खड़े

पुरी निवासी स्वाधीन कुमार पंडा ने हादसे को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- "मैं रात 2-3 बजे तक मंदिर के पास था, लेकिन प्रशासन की व्यवस्था सही नहीं थी। VIP लोगों के लिए अलग रास्ता बनाया गया और आम श्रद्धालुओं को दूर से ही बाहर निकलने के लिए कहा गया। इससे एक ही द्वार पर भीड़ बढ़ गई और भगदड़ की स्थिति बन गई।"

ये भी पढ़ें: शेफाली की मौत से ठीक पहले क्या कर रहे थे पराग त्यागी? मौत से पहले की इंस्टा स्टोरी ने बढ़ाया सस्पेंस

उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन ने भीड़ को संभालने के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए थे, और एग्जिट (निकास मार्ग) की सबसे ज्यादा समस्या थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले भी रथ यात्रा के दौरान ऐसी घटनाएं हुई थीं, लेकिन सरकार ने उन्हें उजागर नहीं किया।

भारी संख्या में पहुंच रहे हैं श्रद्धालु

देश-विदेश से श्रद्धालु रथ यात्रा में हिस्सा लेने पुरी पहुंच रहे हैं। उमेश नाम के एक श्रद्धालु, जो दुबई से आए हैं, ने बताया "मैं 2022 से हर साल रथ यात्रा में आ रहा हूं। ठाकुर जी की कृपा से हम हर साल यहां बुलाए जाते हैं। ये दर्शन बहुत ही दुर्लभ और दिव्य होते हैं, जिन्हें शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।"

श्री जगन्नाथ रथ यात्रा एक आस्था और भक्ति का महापर्व है, लेकिन इस साल की भगदड़ की घटना ने सुरक्षा और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतकों के परिवारों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए, प्रशासन ने कहा है कि पूरी जांच के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अब ज़रूरत है कि ऐसी धार्मिक भीड़भाड़ वाले आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर बनाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।
  

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static