भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर शांति- आज DGMO स्तर की अहम बातचीत, जानिए हर बड़े अपडेट्स

punjabkesari.in Monday, May 12, 2025 - 10:11 AM (IST)

नारी डेस्क: बीते कुछ दिनों में भारत और पाकिस्तान के बीच हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे, लेकिन अब स्थिति सामान्य होती नजर आ रही है। शनिवार शाम दोनों देशों ने सीजफायर (गोलीबारी रोकने) का फैसला लिया, जिसके बाद बीती रात बॉर्डर पर शांति रही।

क्या हुआ था पहले?

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई। भारत ने इस हमले का जिम्मेदार पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों को बताया और जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम का सैन्य अभियान शुरू किया।

ऑपरेशन सिंदूर: भारत की सख्त कार्रवाई

7 मई को शुरू हुए इस ऑपरेशन में भारत ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी ठिकानों पर हवाई हमले किए। इस अभियान की जानकारी लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई और एयर मार्शल ए.के. भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

उन्होंने बताया कि

पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया। 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए, जिनमें कुछ कुख्यात नाम भी शामिल हैं – युसूफ अजहर, अब्दुल मलिक रऊफ और मुदस्सिर अहमद। इन आतंकियों का संबंध IC814 विमान अपहरण और पुलवामा हमले से भी था।

ये भी पढ़ें: गर्भ में बच्चा, हाथ में बंदूक और सामने दुश्मन... देश के लिए जंग लड़ती रही ये बहादुर महिला सैनिक

पाकिस्तान की प्रतिक्रिया और भारत का जवाब

इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने भी जवाबी हवाई हमले किए, लेकिन भारत ने उन्हें नाकाम कर दिया। दोनों देशों के बीच हवाई क्षेत्र और LoC (नियंत्रण रेखा) पर भी तनाव बढ़ा और गोलीबारी हुई।

अब शांति की ओर बढ़ते कदम

शनिवार शाम को दोनों देशों ने सीजफायर पर सहमति जताई, जिसके बाद से बॉर्डर पर हालात सामान्य हैं। भारतीय सेना ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीती रात कोई बड़ी घटना नहीं हुई और यह पिछले कुछ दिनों में पहली शांतिपूर्ण रात रही।

आज DGMO स्तर की बातचीत

भारत और पाकिस्तान के बीच आज DGMO (Director General of Military Operations) स्तर की बातचीत होने वाली है। यह बातचीत दोपहर 12 बजे होगी। इसमें दोनों पक्षों के अधिकारी सीमा पर तनाव कम करने और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

 भारत ने आतंकी हमले का सख्त जवाब देते हुए पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को तबाह किया। अब सीजफायर के बाद बॉर्डर पर शांति है और दोनों देश बातचीत की ओर बढ़ रहे हैं। आज की DGMO मीटिंग में क्या नतीजा निकलता है, उस पर सबकी नजर है।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static